हिंदी
डबल डेकर फ्लाईओवर (सोर्स- AI)
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट और गाजियाबाद के बीच रोजाना जाम से जूझने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की तैयारी शुरू हो गई है। शाहबेरी में उत्तर प्रदेश का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने की योजना पर काम तेज हो गया है। प्रस्तावित फ्लाईओवर ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर रोड को शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक के रास्ते सीधे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। इसके बनने के बाद दिल्ली और गाजियाबाद की ओर आने-जाने वाले लोगों का सफर तेज और आसान होने की उम्मीद है।
प्रस्तावित फ्लाईओवर की लंबाई लगभग 1,400 मीटर होगी। इसके निर्माण पर करीब 900 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। फ्लाईओवर के दोनों तल पर तीन-तीन लेन बनाई जाएंगी। दोनों फ्लोर पर वन-वे ट्रैफिक संचालित होगा, जिससे कुल छह लेन के जरिए वाहनों की आवाजाही संभव होगी। प्राधिकरण का मानना है कि भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यह डिजाइन अधिक प्रभावी साबित होगा।
यह भी पढ़ें-इस तस्वीर में छिपा है लाखों रुपये का राज! कुमार विश्वास बोले- नाम बताओ, इनाम ले जाओ
शुरुआत में यहां चार लेन का फ्लाईओवर बनाने की योजना थी, जिसकी अनुमानित लागत करीब 400 करोड़ रुपये थी। लेकिन निर्माण स्थल पर पर्याप्त चौड़ाई उपलब्ध नहीं होने के कारण योजना में बदलाव करना पड़ा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह ने बताया कि चार लेन के फ्लाईओवर के लिए करीब 15 मीटर जगह की जरूरत थी, जबकि शाहबेरी में अधिकतम 14 मीटर चौड़ाई ही उपलब्ध है। इसी चुनौती को देखते हुए विशेषज्ञों और कंसल्टेंट की मदद से डबल डेकर फ्लाईओवर का विकल्प तैयार किया गया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस परियोजना का प्रेजेंटेशन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के सामने प्रस्तुत किया है। NHAI ने अब परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट (डीपीआर) मांगी है। रिपोर्ट का तकनीकी परीक्षण और अध्ययन पूरा होने के बाद निर्माण को अंतिम मंजूरी मिलने की संभावना है। इससे पहले दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी होने के कारण इस फ्लाईओवर का निर्माण NHAI के माध्यम से कराने पर सहमति बन चुकी है।
यह भी पढ़ें-Norway vs England: नॉर्वे को हराकर फीफा वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचा इंग्लैंड
फ्लाईओवर के निर्माण में यू-शेप पिलर का उपयोग किया जाएगा, जिससे नीचे की मौजूदा सड़क पहले की तरह चालू रहेगी। स्थानीय बाजार, गांव और सोसायटियों के लोग नीचे की सड़क को सर्विस लेन के रूप में इस्तेमाल कर सकेंगे। वर्तमान में ग्रेटर नोएडा वेस्ट से गाजियाबाद जाने वाले अधिकांश वाहनों को तिगरी चौक से होकर गुजरना पड़ता है, जहां अक्सर लंबा जाम लगता है। नया डबल डेकर फ्लाईओवर बनने के बाद इस दबाव में कमी आने और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक सीधी कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
Location : Greater Noida
Published : 13 July 2026, 10:32 AM IST