महज 150 रुपये के लिए मर्डर? डी-फार्मा छात्र नितिश मिश्रा की संदिग्ध मौत पर पिता ने उठाए रोंगटे खड़े करने वाले सवाल

गोरखपुर के प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में सेवानिवृत्त फौजी अशोक कुमार मिश्रा ने मऊ में डी-फार्मा के छात्र अपने पुत्र नितिश मिश्रा की संदिग्ध मौत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का दावा है कि महज 150 रुपये के लेनदेन के विवाद में उनके बेटे की बेरहमी से हत्या कर शव पोखरे में फेंका गया है।

Gorakhpur : गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सेना से सेवानिवृत्त अशोक कुमार मिश्रा ने अपने 26 वर्षीय पुत्र नितिश मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।

कॉलेज हॉस्टल में रहता था छात्र

अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि उनका पुत्र नितिश मिश्रा जनपद मऊ के थाना रानीपुर क्षेत्र स्थित रामाश्रय सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में डी-फार्मा प्रथम वर्ष का छात्र था और कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

150 रुपये को लेकर हुआ विवाद

पिता के अनुसार, 17 मई की शाम करीब 5:30 बजे नितिश काझा बाजार स्थित एक अंडे की दुकान पर गया था, जहां 150 रुपये के लेन-देन को लेकर उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ अन्य लोगों ने भी हस्तक्षेप किया और उसके साथ मारपीट की।

Gorakhpur: मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने से पहले आप जिला महासचिव हाउस अरेस्ट, कार्यकर्ताओं में भारी रोष

अशोक मिश्रा का कहना है कि घटना के बाद नितिश ने अपनी छोटी बहन को फोन कर पूरी जानकारी दी थी। बहन ने तुरंत 150 रुपये ऑनलाइन भेज भी दिए थे। इसके बावजूद शाम को नितिश ने दोबारा फोन कर बताया कि कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इसके कुछ समय बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।

परिजनों ने लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अगले दिन 18 मई की सुबह नितिश के मोबाइल नंबर से एक व्यक्ति ने फोन कर परिवार को सूचना दी कि उसका मोबाइल और कपड़े काझा स्थित सूर बाबा कुटी के पोखरे के पास मिले हैं। बाद में वहीं नितिश का शव मिलने की जानकारी दी गई।

बेटे के शरीर पर कई चोट

मृतक के पिता का आरोप है कि जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने बेटे के शरीर पर चोट के कई निशान देखे। उनका दावा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी चोटों का उल्लेख है, जिससे घटना को लेकर संदेह और गहरा गया है।

अशोक कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया कि जिन लोगों के साथ विवाद हुआ था, उन्हीं की संलिप्तता से उनके पुत्र की हत्या की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के प्रयास के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।

Gorakhpur: रामगढ़ताल रिंग रोड के पास जलाशय में उतराता मिला शव, इलाके में सनसनी

उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक मामले में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। प्रेस वार्ता के माध्यम से उन्होंने शासन और प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि उनके परिवार को तब तक संतोष नहीं मिलेगा, जब तक उनके पुत्र की मौत के मामले में न्याय नहीं मिल जाता।

Location :  gorakhpur

Published :  13 June 2026, 7:53 PM IST

Advertisement