हत्या या हादसा? नाले में युवक का शव मिलने के बाद परिजनों का चक्काजाम, पुलिस जांच पर उठे सवाल

गोरखपुर के पिपराइच क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक उपेंद्र निषाद का शव नाले में मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए चक्काजाम किया, 25 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग उठाई। पुलिस ने चार आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

Gorakhpur: पिपराइच थाना क्षेत्र में नाले से 25 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान हैदरगंज जंगलधूषण निवासी उपेंद्र निषाद के रूप में होते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पिपराइच-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और करीब ढाई घंटे तक सड़क जाम कर दी। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मृतक के परिजनों ने घटना को सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही परिवार के लिए 25 लाख रुपये का मुआवजा तथा मृतक की पत्नी कुसुम को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी। उपेंद्र के परिवार में पत्नी कुसुम और माता भानमती देवी हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें -गोरखपुर में जिसे लोग समझ रहे थे अपहरण, उसकी हकीकत जानकर रह जाएंगे हैरान

मृतक की बहन नर्मदा ने आरोप लगाया कि पुरानी जमीनी रंजिश के चलते गांव के सिकंदर बीहुल, उमेश और हृदयनारायण उपेंद्र को घुमाने के बहाने अपने साथ ले गए थे। उनका आरोप है कि देर रात तीनों ने तुरवा बाजार के आगे उसकी हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया। परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी उपेंद्र को जान से मारने की धमकी दे चुके थे, लेकिन उस समय शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पिपराइच, शाहपुर और चिलुआताल थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में एसडीएम सदर और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया।

यह भी पढ़ें- Gorakhpur News:लाठी-डंडों से किया था अधमरा, अब पहुंचे सलाखों के पीछे, चिलुआताल पुलिस का बड़ा एक्शन

पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी कुंदन सिंह ने बताया कि तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस एहतियातन गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि उपेंद्र की मौत के पीछे की सच्चाई क्या है और दोषियों पर कब तक कार्रवाई होती है।

Location :  Gorakhpur

Published :  28 July 2026, 9:46 AM IST

Advertisement