हिंदी
गोरखपुर में दो चोरियों की गुत्थी सुलझी (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: पिपराईच थाना पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का एप्पल आई-पैड, मोबाइल फोन, टुल्लू पंप, ब्लोवर, ग्राइंडर मशीन तथा नकद रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी चौरी-चौरा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक पिपराईच के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव और उनकी टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उदय निषाद और अभिषेक चौहान को गिरफ्तार किया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक एप्पल आई-पैड, एक मोबाइल फोन, एक टुल्लू पंप, हिट गन (ब्लोवर), एक ग्राइंडर मशीन और 1500 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान हाल ही में पिपराईच क्षेत्र में हुई दो चोरी की घटनाओं से संबंधित है।
पहली घटना में 16 जून 2026 को अज्ञात चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर एप्पल आई-पैड चोरी कर लिया था। वहीं दूसरी घटना में 16-17 जून की रात निर्माणाधीन मकान से सैमसंग मोबाइल, ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, ब्लोवर, टुल्लू मोटर और बैग में रखे 11 हजार रुपये चोरी कर लिए गए थे। दोनों मामलों में पिपराईच थाने में मुकदमे दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदय निषाद पुत्र विनोद निषाद निवासी जंगल छत्रधारी टोला बिचऊपुर तथा अभिषेक चौहान पुत्र गुड्डू चौहान निवासी जंगल छत्रधारी टोला अजमपुर, थाना पिपराईच, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराएं बढ़ा दी गई हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों आरोपियों का क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से कोई संबंध तो नहीं है। पिपराईच पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Location : Gorakhpur
Published : 8 July 2026, 7:04 PM IST