हिंदी
ओमप्रकाश जालान (Img: AI)
Gorakhpur: गोरखपुर के जाने-माने उद्योगपति और समाजसेवी Om Prakash Jalan का बुधवार सुबह 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें मंगलवार को एयर एंबुलेंस के जरिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही शहर के उद्योग, व्यापार और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ओमप्रकाश जालान को गोरखपुर के प्रमुख उद्यमियों में गिना जाता था। उन्होंने जालान कानकास्ट के नाम से सरिया निर्माण इकाई स्थापित की, जिसे शहर की पहली सरिया फैक्ट्री माना जाता है। इसके अलावा उनका रियल एस्टेट क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। वर्षों तक उन्होंने उद्योगों के विस्तार के साथ रोजगार सृजन और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाई।
परिवार के अनुसार उनका पार्थिव शरीर बुधवार शाम तक गोरखपुर लाया जाएगा। अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह राप्ती नदी किनारे राजघाट पर किया जाएगा। अंतिम यात्रा सुबह 9 बजे जंगल नकहा नंबर-2 स्थित उनके आवास से शुरू होगी। वे अपने पीछे पत्नी पूनम जालान, पुत्र अनुज जालान और तनुज जालान सहित पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
Gorakhpur: तीन दिन में खुला चोरी का राज, खोराबार पुलिस ने बाइक चोरों को ऐसे पहुंचाया सलाखों के पीछे
ओमप्रकाश जालान प्रतिष्ठित जालान परिवार के सबसे बड़े पुत्र थे। उनके पिता युगुल किशोर जालान भी पूर्वांचल के सम्मानित उद्योगपतियों में शामिल रहे हैं। उनके भाई अशोक जालान भी स्टील उद्योग से जुड़े हैं और गीडा क्षेत्र में स्टील निर्माण इकाई का संचालन करते हैं। परिवार का टेक्सटाइल कारोबार में भी निवेश है। उनके छोटे भाई विनोद जालान का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है।
बीते 25 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं जंगल नकहा स्थित उनके आवास पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ओमप्रकाश जालान और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था। उस समय परिवार के कई सदस्य भी मौजूद थे। अब उनके निधन के बाद शहर के उद्यमियों, व्यापारिक संगठनों और शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
Location : Gorakhpur
Published : 8 July 2026, 1:43 PM IST