हिंदी
दहेज के लिए विवाहिता पर जुल्म
Gorakhpur: सहजनवा में दहेज में चार पहिया वाहन की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने और आखिरकार घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सहजनवा पुलिस ने पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, अंगभंग तथा जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, सहजनवा थाना क्षेत्र के मिनवा गांव निवासी सोनी जायसवाल पुत्री कमलेश जायसवाल का विवाह 13 दिसंबर 2022 को हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के सोनबरसा निवासी विकास जायसवाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था।
आरोप है कि विवाह के बाद ससुराल पहुंचते ही पति और अन्य परिजनों ने दहेज में मिले सामान को कम बताते हुए चार पहिया वाहन की मांग शुरू कर दी। जब मायके पक्ष ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए असमर्थता जताई, तो विवाहिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि 14 मार्च 2025 को पति समेत ससुराल वालों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसका हाथ टूट गया। घटना के बाद वह अपने मायके आकर रहने लगी। कुछ समय बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और पति उसे दोबारा अपने साथ ससुराल ले गया। लेकिन वहां पहुंचने के बाद भी प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका। आरोप है कि पति ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया, जिससे वह अपने परिजनों से संपर्क नहीं कर सके।
तहरीर में आगे कहा गया है कि 15 जुलाई 2026 को पति और देवर ने फिर उसके साथ मारपीट की। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से भाग निकली और मायके पहुंचकर पूरी घटना परिजनों को बताई। इसके बाद पीड़िता ने सहजनवा थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति विकास जायसवाल, ससुर रामचंद्र जायसवाल, सास संगीता देवी और देवर विक्रम के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गंभीर चोट पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 19 July 2026, 12:40 AM IST
Topics : car demand in dowry Domestic Violence dowry harassment Gorakhpur News married woman assaulted