बरेली में सात दिन बाद कब्र से निकाला गया महिला का शव, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

बरेली के बहेड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के सात दिन बाद महिला का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 18 July 2026, 8:32 PM IST
google-preferred

Bareilly: बरेली जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। मौत के सात दिन बाद प्रशासन ने कब्र की खुदाई कर महिला का शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने महिला को जहर देकर हत्या करने और बिना सूचना शव दफनाने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

12 जुलाई को हुई थी महिला की मौत

जानकारी के अनुसार, बहेड़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला बाजार निवासी मोहम्मद ताहिर की पत्नी तबस्सुम (50) की 12 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने उसी दिन उनका शव स्थानीय कब्रिस्तान में दफना दिया। मृतका का मायका उत्तराखंड के हल्द्वानी में है। मायके पक्ष का आरोप है कि उन्हें तबस्सुम की मौत की सूचना तक नहीं दी गई। उनका कहना है कि जल्दबाजी में शव को दफनाकर पूरे मामले को छिपाने की कोशिश की गई।

यहां भी पढ़ें: सड़क से स्टेशन तक हंगामा! रायबरेली में एक दिन में तीन बवाल, वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल

भाई ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

16 जुलाई को मृतका के भाई जहीम इलियास ने जिलाधिकारी अविनाश सिंह को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उनकी बहन को जहर देकर मार दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से बिना मायके पक्ष को सूचना दिए शव को दफना दिया गया। शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी ने मामले की जांच के निर्देश दिए और एसएसपी अनुराग आर्य को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

नायब तहसीलदार की मौजूदगी में हुई कब्र की खुदाई

प्रशासन के आदेश पर शनिवार को बहेड़ी पुलिस ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई। सुरक्षा व्यवस्था के बीच शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई ताकि जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे।

यहां भी पढ़ें: 45 की हुईं प्रियंका चोपड़ा: जानिए बरेली की बेटी से हॉलीवुड स्टार बनने तक के 10 अनसुने किस्से, जिसने बदल दी एक्ट्रेस की पूरी जिंदगी

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों सहित मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।

Location :  Bareilly

Published :  18 July 2026, 8:32 PM IST

Related News

Advertisement