हिंदी
मानसून के बीच नगर निगम अलर्ट (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Gorakhpur: मानसून के दौरान डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया समेत अन्य संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर गोरखपुर नगर निगम पूरी तरह सक्रिय हो गया है। नगर आयुक्त अजय जैन ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शहरभर में व्यापक सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उन्होंने निर्देश दिया कि वार्डों में छोटी पोकलेन मशीनों के माध्यम से नियमित रूप से नालों की सफाई कराई जाए। वहीं, व्यस्त वाणिज्यिक क्षेत्रों में यातायात और कारोबार प्रभावित न हो, इसके लिए बड़े नालों की सफाई रात के समय कराई जाएगी। वार्डों की छोटी नालियों की सफाई सुपरवाइजर की निगरानी में सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी जोनल अधिकारियों, सफाई निरीक्षकों और जोनल सेनेटरी अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार एंटी लार्वा छिड़काव, ब्लीचिंग, मेलाथियान का छिड़काव तथा फॉगिंग नियमित रूप से कराने का निर्देश दिया गया। नगर निगम द्वारा प्रतिदिन चार मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसे और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
नगर आयुक्त ने कहा कि खाली पड़े प्लॉट, पार्क, सार्वजनिक स्थल और जलभराव वाले क्षेत्रों की नियमित सफाई कर वहां एंटी लार्वा का छिड़काव अनिवार्य रूप से कराया जाए। इसके लिए प्रत्येक जोन में माइक्रो प्लान तैयार कर सफाई कार्य को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मच्छरों के प्रजनन स्थलों पर विशेष ध्यान देते हुए पुराने टायरों की दुकानों, कबाड़ी बाजारों तथा पानी जमा होने वाले अन्य स्थानों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक वार्ड में दो-दो कर्मचारियों की तैनाती कर एंटी लार्वा छिड़काव और डस्टिंग का कार्य नियमित रूप से कराने की जिम्मेदारी जोनल सेनेटरी अधिकारियों को सौंपी गई है।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि संचारी रोग नियंत्रण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व है। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी गंभीरता, जवाबदेही और समन्वय के साथ कार्य करें ताकि शहर में डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोगों के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। बैठक में अपर नगर आयुक्त समेत सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 3 July 2026, 12:52 AM IST