CCTV में कैद हुआ आखिरी सफर… नाबालिग के साथ दिखा सिपाही, फिर खुल गया दिल दहला देने वाला राज

गोरखपुर के कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यूपी-112 में तैनात सिपाही अभिषेक यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। एसएसपी के अनुसार आरोपी ने हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने की बात कबूल की है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Gorakhpur: गोरखपुर में खजनी क्षेत्र की मासूम बच्ची की हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि कोतवाली क्षेत्र से सामने आए एक और सनसनीखेज मामले ने पूरे जिले को झकझोर दिया। नाबालिग युवती के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए यूपी-112 में तैनात एक सिपाही को आरोपी बनाया है। मामले का खुलासा एसएसपी ने प्रेस वार्ता में किया।

CCTV फुटेज बना जांच का सबसे बड़ा सुराग

पुलिस के अनुसार नाबालिग के लापता होने की सूचना मिलने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति युवती को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस यूपी-112 में तैनात सिपाही अभिषेक यादव, निवासी गाजीपुर तक पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ में सामने आया हत्या का खुलासा

एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने नाबालिग की हत्या करने और शव को ठिकाने लगाने की जानकारी दी। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस टीमों ने संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी विवादों में रह चुका है आरोपी

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सिपाही पहले एक आपराधिक मामले में निलंबित रह चुका था। बाद में उसकी बहाली हुई और उसे यूपी-112 में तैनाती दी गई। घटना सामने आने के बाद उसकी बहाली और तैनाती को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।

मुज़फ्फरनगर में छा गई नोटों वाली कांवड़, हर कोई जानना चाहता था आखिर क्या है इसकी कहानी

पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

इस घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी पुलिसकर्मी पर पहले से गंभीर आरोप थे, तो उसकी दोबारा संवेदनशील ड्यूटी पर तैनाती कैसे की गई। घटना ने पुलिस विभाग की सत्यापन प्रक्रिया और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या Gen-Z तय करेगी अगली सरकार? युवाओं को साधने की होड़ में उतरे सभी बड़े दल

हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। फोरेंसिक और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर केस को मजबूत किया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले से जुड़े हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  30 July 2026, 10:33 AM IST

Advertisement