हिंदी
गोरखपुर में एक अवैध रिश्ते का खौफनाक अंजाम सामने आया है, जहां दो साल से चल रहे अफेयर को खत्म करने की कसम लेते ही एक युवक हैवान बन गया। गुस्से में उसने महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली और मौके से फरार हो गया। हालांकि, अब आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
खुशबू का फोटो (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Gorakhpur: गोरखपुर के चर्चित खुशबू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सीताराम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी कौड़ीराम इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही सीताराम भागने लगा, लेकिन जल्दबाजी में उसकी बाइक फिसल गई और वह गिर पड़ा। गिरने से उसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया। घायल हालत में ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बाद में उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सीताराम और मृतका खुशबू के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था। सीताराम पड़ोस में रहता था और खुशबू के देवर जितेंद्र का दोस्त था। इसी वजह से उसका घर में अक्सर आना-जाना रहता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और रिश्ता अफेयर में बदल गया।
The MTA Speaks: राघव चड्ढा का अगला कदम क्या? AAP में अंदरूनी कलह या बड़ी सियासी साजिश?
खुशबू की शादी करीब तीन साल पहले उपेंद्र से हुई थी, जो फिलहाल दुबई में रहकर काम करता है। जब परिवार वालों को दोनों के रिश्ते की भनक लगी तो घर में विवाद शुरू हो गया।
परिवार ने इस रिश्ते को खत्म कराने के लिए कई बार समझाने की कोशिश की। यहां तक कि गांव में पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन आरोपी नहीं माना। इसके बाद 1 अप्रैल को खुशबू के देवर जितेंद्र ने अपने दोस्त सीताराम को घर बुलाया और दोनों को समझाया कि इस रिश्ते की वजह से परिवार की बदनामी हो रही है।
जितेंद्र ने साफ कहा कि आज के बाद दोनों एक-दूसरे से कोई संबंध नहीं रखेंगे और सीताराम घर आना-जाना बंद कर देगा। इस पर दोनों से गंगाजल हाथ में लेकर कसम खाने को कहा गया।
बताया जा रहा है कि गंगाजल की कसम लेने की बात सुनकर सीताराम भड़क गया। हालांकि खुशबू ने परिवार की बात मानते हुए गंगाजल हाथ में लेकर रिश्ता खत्म करने की कसम खा ली। यही बात आरोपी को नागवार गुजर गई।
गुस्से में उसने जेब से चाकू निकाला और खुशबू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। खुशबू गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
एसपी साउथ दिनेश पुरी के मुताबिक, परिवार से पूछताछ और जांच के बाद पूरी घटना का खुलासा हुआ। आरोपी ने भी पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।