काली कमाई से खरीदी थी लाखों की गाड़ी, गोरखपुर पुलिस ने ऐसे कसा शिकंजा

गोरखपुर में अपराधियों की अवैध कमाई पर पुलिस का शिकंजा और सख्त हो गया है। गैंग बनाकर किए जा रहे अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई लाखों रुपये की संपत्ति को पुलिस ने जब्त कर लिया। गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Gorakhpur: संगठित अपराध और गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना रामगढ़ताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध से अर्जित धन से खरीदा गया करीब 18 लाख रुपये कीमत का ट्रक जब्त किया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी गोरखपुर के आदेश पर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 14(1) के तहत की गई।

पुलिस के मुताबिक, थाना रामगढ़ताल में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 342/2025 में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसी मामले से संबंधित अभियुक्त नितिन यादव उर्फ सोनू पुत्र शेषनाथ यादव, निवासी ग्राम एवं पोस्ट रियावं, थाना गगहा, गोरखपुर पर गैंग बनाकर अवैध रूप से अस्पताल संचालित करने तथा अपराध से अर्जित धन से संपत्ति खरीदने का आरोप है।

जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में रामगढ़ताल पुलिस ने अभियुक्त की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की जांच के बाद अशोक लीलैंड कंपनी का ट्रक, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है, को जब्त कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराध के जरिए अर्जित संपत्ति बनाने वाले आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 78 वीरता पुरस्कारों की घोषणा, इन जांबाजों को मिला सम्मान

आरोपी का आपराधिक रिकार्ड

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नितिन यादव उर्फ सोनू के खिलाफ रामगढ़ताल थाने में गैंगस्टर एक्ट के अलावा वर्ष 2024 में धारा 417, 420, 386, 188, 342, 336, 406 व 120बी भादवि के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा झंगहा थाने में वर्ष 2019 में धारा 489 व 420 भादवि के तहत भी मुकदमा पंजीकृत है।

आजादी के जश्न से पहले गोरखपुर में सुरक्षा घेरा मजबूत, डीआईजी ने जारी किए कड़े आदेश

पुलिस की कार्रवाई

रामगढ़ताल पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध में संलिप्त व्यक्तियों द्वारा अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यह जब्ती की गई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामा नन्द राय, निरीक्षक मनीष कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक मनोज कुमार प्रजापति, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, आरक्षी रितेश यादव और आरक्षी शैलेन्द्र यादव शामिल रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  14 August 2026, 11:31 PM IST

Related News

Advertisement