हिंदी
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले गिरोहों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला गोरखपुर से सामने आया है, जहां एक युवक से सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 11 लाख 18 हजार 400 रुपये ठग लिए गए। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र और फर्जी पहचान पत्र तक तैयार कर पीड़ित को सौंप दिया। जब इन दस्तावेजों की सच्चाई सामने आई तो पूरे खेल का पर्दाफाश हो गया।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी संतोष कुमार गौतम ने खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। सरकारी नौकरी की उम्मीद में युवक ने अलग-अलग किस्तों में आरोपी को कुल 11 लाख 18 हजार 400 रुपये दे दिए। आरोपी लगातार भरोसा दिलाता रहा कि नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द जॉइनिंग मिल जाएगी।
कुछ समय बाद आरोपी ने पीड़ित को एक कथित नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र सौंप दिया। इन दस्तावेजों को देखकर युवक को लगा कि अब उसकी नौकरी पक्की हो गई है। लेकिन जब दस्तावेजों की जांच कराई गई तो पता चला कि नियुक्ति पत्र और आईडी कार्ड पूरी तरह फर्जी हैं। इसके बाद पीड़ित के पैरों तले जमीन खिसक गई।
ये भी पढ़ें- Deoria: बिना हेलमेट और तीन सवारी वाले सावधान! देवरिया में यातायात पुलिस ने कसना शुरू किया शिकंजा
सच्चाई सामने आने के बाद पीड़ित ने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन उसने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने पीपीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष कुमार गौतम को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान कुशीनगर जिले के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के अन्हारीबाग निवासी के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी से कई अहम जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस ठगी में और कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं अन्य बेरोजगार युवाओं को भी इसी तरह सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी का शिकार तो नहीं बनाया गया।
Location : Gorakhpur
Published : 30 July 2026, 5:13 PM IST