हिंदी
गोरखपुर में ठगी के गैंगस्टर की संपत्ति पर प्रहार (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
Gorakhpur: संगठित अपराध और जमीन दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले गैंगस्टर के खिलाफ गोरखपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी अपराध से अर्जित चारपहिया वाहन को जब्त कर लिया। गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार थाना एम्स पर पंजीकृत गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा संख्या 141/2025 में नामजद अभियुक्त पंकज जायसवाल पुत्र स्वर्गीय ईश्वरचंद्र जायसवाल, निवासी रुद्रापुर कुसम्ही बाजार, थाना एम्स, गोरखपुर के विरुद्ध जिलाधिकारी के आदेश पर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान अभियुक्त की अपराध से अर्जित एक चारपहिया वाहन को जब्त कर लिया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.45 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी गैंग बनाकर लोगों को जमीन दिलाने का झांसा देता था और उनसे लाखों रुपये की ठगी करता था। उसके खिलाफ पहले से ही धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, जालसाजी, धमकी सहित गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इतना ही नहीं, उसके विरुद्ध दुष्कर्म का मामला भी दर्ज है। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी महेंद्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में संपन्न हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संगठित अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अपराध के जरिए अर्जित संपत्ति को किसी भी कीमत पर सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक हरिकिशोर मिश्रा, गौरव तिवारी, राजकुमार, कांस्टेबल सूरज सिंह, प्रीतम कुशवाहा तथा रिजर्व कांस्टेबल ऋषभराज गुप्ता सहित थाना एम्स की टीम शामिल रही। गोरखपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि माफिया, गैंगस्टर और संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
Location : Gorakhpur
Published : 5 July 2026, 11:33 PM IST