‘कहां जाएं गरीब मरीज?’ गोला CHC की बदहाली पर उठे गंभीर सवाल, स्वास्थ्य विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग

गोरखपुर के 30 शैय्या वाले गोला सीएचसी में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी और 3 मुख्य प्रशासनिक पदों के खाली रहने से स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। विशेषज्ञ न होने से मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने शासन से खाली पदों को भरने और डॉक्टरों की तैनाती की मांग की है।

Gorakhpur: गोरखपुर जिले के तहसील मुख्यालय गोला के समीप स्थित 30 शैय्या वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल होती जा रही है। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भारी कमी के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के तीन महत्वपूर्ण पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। इसका सीधा असर मरीजों के उपचार, स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन और जनजागरूकता कार्यक्रमों पर पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोगों में स्वास्थ्य सेवाओं की इस स्थिति को लेकर लगातार असंतोष बढ़ रहा है।

मानक के अनुरूप डॉक्टरों की तैनाती नहीं

स्थानीय लोगों का कहना है कि सीएचसी गोला पर मानक के अनुरूप चिकित्सकों की तैनाती नहीं है। विशेषज्ञ डॉक्टरों के अभाव में जटिल बीमारी से पीड़ित मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल या निजी अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया जाता है। ऐसे में गरीब और दूरदराज के मरीजों को आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ये भी पढ़ें - Gorakhpur: कारगिल योद्धाओं ने सुनाए रणभूमि के वो किस्से, जिन्हें सुनकर भर आईं आंखें

तीन अहम प्रशासनिक पद वर्षों से खाली

स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था भी प्रभावित है। यहां सहायक शोध अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी और ब्लॉक प्रोग्राम प्रबंधक जैसे तीन अहम पद लंबे समय से रिक्त हैं। सहायक शोध अधिकारी टीकाकरण, एएनएम की रिपोर्ट और अन्य स्वास्थ्य संबंधी कार्यों की निगरानी करता है। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी का दायित्व जनजागरूकता अभियान चलाना, स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना, आईजीआरएस, आरटीआई, पत्राचार तथा विभिन्न बैठकों में विभाग का प्रतिनिधित्व करना होता है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन पर असर

इसी प्रकार ब्लॉक प्रोग्राम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की योजनाओं के संचालन, पोर्टल पर आंकड़ों के अद्यतन, स्वास्थ्य कार्यक्रमों की निगरानी तथा जिला स्तर से समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी निभाता है। इन पदों के रिक्त रहने से कई योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रभावित हो रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी समय से नहीं पहुंच पा रही है।

ये भी पढ़ें - Gorakhpur Crime: एक ‘ना’ से बौखलाया युवक… युवती ने नहीं मानी बात, फिर आरोपी ने कर दी सारी हदें पार

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सीएचसी गोला में वर्षों से न तो पर्याप्त डॉक्टरों की नियुक्ति हो सकी और न ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। परिणामस्वरूप यह अस्पताल क्षेत्र की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पा रहा है।

ग्रामीणों ने शासन से की जल्द नियुक्ति की मांग

स्थानीय नागरिकों ने शासन और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि अस्पताल में मानक के अनुरूप विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के साथ रिक्त महत्वपूर्ण पदों पर भी शीघ्र नियुक्ति की जाए, ताकि गोला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 July 2026, 4:22 PM IST

Related News

Advertisement