क्या श्रेयस अय्यर के एक बयान ने बढ़ा दी गौतम गंभीर की मुश्किलें? जीत के बाद क्यों मचा बवाल

जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का एक वीडियो चर्चा में है। कप्तान श्रेयस अय्यर ने अंतरिम कोच वीवीएस लक्ष्मण की खुलकर तारीफ की, जिसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने उनकी तुलना स्थायी मुख्य कोच गौतम गंभीर से शुरू कर दी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 27 July 2026, 4:21 PM IST
google-preferred

New Delhi : आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर लगातार टी20 सीरीज हारने के बाद आखिरकार टीम इंडिया ने जीत की राह पकड़ ली। नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में भारत ने जिम्बाब्वे को 3-0 से हराकर क्लीन स्वीप किया। लेकिन सीरीज खत्म होने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा जीत से ज्यादा उस ड्रेसिंग रूम वीडियो की हो रही है। जिसमें अंतरिम मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण और कप्तान श्रेयस अय्यर एक-दूसरे की खुलकर तारीफ करते नजर आए। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने स्थायी मुख्य कोच गौतम गंभीर की कार्यशैली को लेकर भी बहस छेड़ दी।

लक्ष्मण ने कप्तान की मानसिक मजबूती की जमकर सराहना की

तीसरे टी20 में 35 रन की जीत के बाद बीसीसीआई ने ड्रेसिंग रूम का वीडियो साझा किया। वीडियो में वीवीएस लक्ष्मण ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके लिए कप्तानी की शुरुआत आसान नहीं रही। उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर मिली 0-4 की हार का जिक्र करते हुए कहा कि इसके बावजूद श्रेयस ने आत्मविश्वास नहीं खोया और टीम को जीत के लिए तैयार रखा। लक्ष्मण ने कहा कि इस दौरे पर कई नए खिलाड़ी थे, लेकिन कप्तान ने पूरे ड्रेसिंग रूम में सकारात्मक माहौल बनाया और खिलाड़ियों का भरोसा बढ़ाया।

श्रेयस बोले- लक्ष्मण सर ने हर दिन बढ़ाया हमारा हौसला

लक्ष्मण की बातों के बाद श्रेयस अय्यर ने भी अपने कोच का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि टीम का प्रदर्शन कुछ छूटे हुए कैचों को छोड़कर लगभग बेदाग रहा। श्रेयस ने कहा कि सहयोगी स्टाफ और खिलाड़ियों ने मिलकर शानदार काम किया, लेकिन हर दिन मैदान पर उतरने से पहले वीवीएस लक्ष्मण की बातें टीम का आत्मविश्वास बढ़ाती थीं। उन्होंने कहा कि कोच की सलाह खिलाड़ियों से जुड़ती थी और उसी का असर मैदान पर भी देखने को मिला।

नई टीम ने दिखाया दम, तीनों मैच जीता भारत

भारत इस दौरे पर कई नियमित खिलाड़ियों के बिना उतरा था। संजू सैमसन, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ी टीम का हिस्सा नहीं थे। इसके बावजूद युवा खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने पहला टी20 सात विकेट से, दूसरा मुकाबला 90 रन से और तीसरा मैच 35 रन से जीतकर सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया। इस प्रदर्शन ने टीम के आत्मविश्वास को नई मजबूती दी।

सोशल मीडिया पर गंभीर से तुलना शुरू

श्रेयस अय्यर के बयान के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने इसे गौतम गंभीर से जोड़ना शुरू कर दिया। कई यूजर्स ने लिखा कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर गंभीर के कार्यकाल में भारत टी20 सीरीज नहीं जीत पाया था, जबकि जिम्बाब्वे दौरे पर लक्ष्मण के मार्गदर्शन में टीम ने क्लीन स्वीप कर दिया। हालांकि, यह तुलना पूरी तरह सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है। फिलहाल, जिम्बाब्वे दौरे की इस जीत ने टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का माहौल जरूर बदल दिया है और कप्तान-कोच की बॉन्डिंग भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

Location :  New Delhi

Published :  27 July 2026, 4:09 PM IST

Related News

Advertisement