Gorakhpur Fruad: इंजीनियर से लाखों की ठगी, अब आरोपी पर हुआ ये एक्शन

सहजनवां क्षेत्र हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र से जुड़ा मजदूर उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें गुजरात में कार्यरत एक इंजीनियर से 2 लाख 65 हजार रुपये की जालसाजी की गई।

Gorakhpur: गोरखपुर के सहजनवां क्षेत्र हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र से जुड़ा मजदूर उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें गुजरात में कार्यरत एक इंजीनियर से 2 लाख 65 हजार रुपये की जालसाजी की गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बिहार निवासी आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरदेवा गांव निवासी रामजस पुत्र राजेश सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा धारक हैं और वर्तमान में गुजरात की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। कार्य के दौरान उनकी मुलाकात बिहार के चंपारण जिले के एक व्यक्ति संजय साहनी से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच मित्रता हो गई। इसी दौरान आरोपी ने स्वयं को मजदूर उपलब्ध कराने में सक्षम बताते हुए कहा कि वह मजदूरों की व्यवस्था कर कार्य स्वयं करवा देगा, जिससे पीड़ित को लाभ होगा।

Gorakhpur: डोंगल जमा कर ग्राम सचिवों का जोरदार सत्याग्रह, खजनी ब्लॉक में विकास कार्यों पर ब्रेक

आरोपी की बातों पर भरोसा कर रामजस गुजरात से अपने घर लौट आए। इसके बाद संजय साहनी ने मजदूर लाने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पीड़ित से कुल 2.65 लाख रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद आरोपी लगातार मजदूर लाने का आश्वासन देता रहा, लेकिन समय बीतने के बावजूद न तो मजदूर पहुंचे और न ही काम शुरू हुआ।

जब पीड़ित ने बार-बार संपर्क किया तो आरोपी ने 7 मई 2025 को अपनी बेटी की शादी का हवाला देते हुए समय मांगा और शादी के बाद मजदूर भेजने का वादा किया। लेकिन शादी संपन्न होने के बाद भी आरोपी ने न तो मजदूर भेजे और न ही रुपये वापस किए। इसके बाद आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया।

Gorakhpur News: रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाला जालसाज ऐसे हुआ गिरफ्तार

खुद को ठगा हुआ महसूस कर पीड़ित रामजस ने हरपुर बुदहट थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी संजय साहनी पुत्र झगरु साहनी निवासी मुहम्मदपुर मझवलिया, जिला पूर्वी चंपारण (बिहार) के खिलाफ धोखाधड़ी और रुपये हड़पने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लेन-देन में पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही विश्वास करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 15 December 2025, 6:43 PM IST

Advertisement
Advertisement