हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Gorakhpur: गोरखपुर के बड़हलगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में 29 वर्षीय अंकित यादव की मौत हो गई। अंकित पूर्व प्रधान एवं जिला पंचायत सदस्य रहे शिवचंद यादव के छोटे बेटे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, गोला तहसील क्षेत्र के मटिहानी गांव निवासी अंकित यादव शुक्रवार रात करीब आठ बजे बाइक से मदरिया चौराहे से अपने घर की ओर जा रहे थे। बताया गया कि वह चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि गोला की तरफ से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि अंकित बाइक से सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना की जानकारी उनके परिवार को दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अंकित को आनन-फानन में बड़हलगंज के एक निजी अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे। अंकित की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों के अनुसार अंकित अविवाहित थे और अगले वर्ष उनकी शादी तय होने की बात चल रही थी। उन्होंने नोएडा के एक कॉलेज से डिप्लोमा की पढ़ाई पूरी की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह कुछ समय से गांव में ही रह रहे थे।
बताया गया कि अंकित के पिता शिवचंद यादव की तबीयत खराब चल रही थी। इसी वजह से अंकित गांव में रहकर उनकी देखभाल कर रहे थे। परिवार के लिए उनकी अचानक हुई मौत बड़ा सदमा बन गई।
सुलतानपुर: भटमई पावर हाउस की खराबी से इटकौली गांव में दो दिनों से पसरा सन्नाटा, बिजली संकट गहराया
ग्रामीणों के मुताबिक अंकित मिलनसार स्वभाव के थे और गांव के लोगों से उनका अच्छा व्यवहार था। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचने लगे। लोगों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
अगले वर्ष शादी की उम्मीद और परिवार में चल रही तैयारियों के बीच अंकित की अचानक मौत ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
Location : Gorakhpur
Published : 26 September 2026, 11:37 AM IST