West Champaran: कहां है गौतम? कैंडल मार्च में उमड़ा जनसैलाब, परिवार ने उठाई बड़ी मांग

बिहार के पश्चिमी चंपारण जिला अंतर्गत बगहा नगर के वार्ड संख्या 26 स्थित रामधाम मंदिर मोहल्ला निवासी तुलसी तुरहा का 11 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार पिछले छह दिनों से लापता है। बच्चे की सकुशल बरामदगी को लेकर शनिवार देर शाम परिजनों, स्थानीय लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। मार्च में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष शामिल हुए।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 8 August 2026, 11:53 PM IST
google-preferred

West Champaran: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिला अंतर्गत बगहा नगर के वार्ड संख्या 26 स्थित रामधाम मंदिर मोहल्ला निवासी तुलसी तुरहा का 11 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार पिछले छह दिनों से लापता है। बच्चे की सकुशल बरामदगी को लेकर शनिवार देर शाम परिजनों, स्थानीय लोगों और कांग्रेस नेता जयेश मंगल सिंह उर्फ जय सिंह के नेतृत्व में नगर में कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष शामिल हुए।

इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन से बच्चे की जल्द तलाश कर उसे सकुशल परिजनों तक पहुंचाने की मांग की। कैंडल मार्च के दौरान लोगों ने “पुलिस प्रशासन होश में आओ” समेत कई नारे लगाए। मार्च गौतम कुमार के घर से शुरू होकर जोड़ा मंदिर होते हुए नगर थाना के समीप स्थित सोसाइटी भवन तक पहुंचा। इस दौरान नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और पुलिस जवान भी मौजूद रहे।

पिता छह दिनों से नहीं खा रहे खाना

कांग्रेस नेता जय सिंह ने कहा कि बच्चे की मां कई बार बेहोश हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि छह दिनों से बगहा नगर से एक बच्चा लापता है और परिवार लगातार अपने बच्चे की वापसी का इंतजार कर रहा है। जय सिंह ने पुलिस प्रशासन से सवाल करते हुए कहा कि नगर थाना क्षेत्र में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, तो क्या एक भी कैमरा काम नहीं कर रहा है? उन्होंने कहा कि एक बच्चे की तलाश में छह दिन का समय नहीं लगना चाहिए। प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है, लेकिन कैंडल मार्च का उद्देश्य कार्रवाई को और तेज कराना है, ताकि गौतम को जल्द से जल्द बरामद किया जा सके।

उन्होंने कहा कि एक मां के लिए एक-एक घंटा किस तरह गुजर रहा है, इसे समझना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा कि बच्चे के संबंध में जो भी जानकारी मिले, उसे परिवार के साथ साझा किया जाए। महज यह कहकर मामले को समाप्त नहीं किया जाना चाहिए कि बच्चा नदी की ओर गया था या नदी में डूब गया।

देवरिया में यूरिया की अवैध तस्करी पर बड़ा एक्शन, बिहार जा रही खाद से भरी पिकअप जब्त; तीन पर FIR

सीसीटीवी व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल

जय सिंह ने नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर में कई ऐसे स्थान हैं जहां छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और उनके चालू रहने की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर बगहा में सभी सीसीटीवी कैमरे सही तरीके से काम कर रहे होते तो किसी बच्चे के इधर से उधर जाने की गतिविधि का पता लगाने में मदद मिल सकती थी।

बिहार का वो खौफनाक मामला…जिसे सुन कांप गई लोगों की रूह: दरिंदे ने पहले लूटी आबरू, फिर हत्या कर शव के बगल में सोया

चार अगस्त को एनएच-727 पर हुआ था सड़क जाम

गौरतलब है कि गौतम कुमार की तलाश को लेकर चार अगस्त को परिजनों और स्थानीय लोगों ने एनएच-727 पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया था। इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा था। सूचना मिलने पर बगहा एसडीएम चांदनी कुमार, बगहा एसडीपीओ निहार भूषण और नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया।

अधिकारियों के प्रयास से मामला शांत कराया गया और सड़क पर यातायात बहाल कराया गया। फिलहाल गौतम कुमार की सकुशल बरामदगी परिजनों और स्थानीय लोगों की सबसे बड़ी मांग बनी हुई है। कैंडल मार्च के माध्यम से लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्चे को जल्द से जल्द खोज निकालने की अपील की है।

Location :  West Champaran

Published :  8 August 2026, 11:50 PM IST

Advertisement