गाजियाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन: दो चौकी इंचार्ज समेत 4 पुलिसकर्मी पर गिरी गाज, जानें क्यों

गाजियाबाद के मोदीनगर में डीसीपी ग्रामीण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो चौकी इंचार्ज समेत चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। लापरवाही और शिकायतों के आधार पर यह कदम उठाया गया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 10 June 2026, 9:03 AM IST
google-preferred

Ghaziabad Desk: गाजियाबाद के मोदीनगर में डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो चौकी इंचार्ज समेत 4 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। बताया जा रहा है कि विवेचनाओं में देरी, कार्य में लापरवाही और लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कदम उठाया गया है।

मोदीनगर में डीसीपी का बड़ा एक्शन

गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस विभाग के भीतर बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने कामकाज में लापरवाही और समय पर विवेचना पूरी न करने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई में दो चौकी इंचार्ज, एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल शामिल हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

मशहूर रागिनी सिंगर पेप्सी उर्फ यशपाल शर्मा का गाजियाबाद में निधन, स्टेज पर सपना चौधरी का जलवा कर देते थे फीका

इन पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई

डीसीपी ग्रामीण द्वारा जिन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। उनमें गोविंदपुरी चौकी इंचार्ज सुबोध कुमार मान, बस अड्डा चौकी इंचार्ज विनय मलिक, कांस्टेबल नितिन यादव और कादराबाद चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल सुभारी गिरि शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन सभी के कार्यों की समीक्षा के दौरान कई खामियां सामने आई थी।

सुबोध मान पर पहले भी लगे थे आरोप

सुबोध कुमार मान को करीब दो महीने पहले ही गोविंदपुरी चौकी का प्रभारी बनाया गया था। हालांकि, उनके कार्यकाल के दौरान कई शिकायतें सामने आने लगी थी। बताया जा रहा है कि एक पिकनिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ऐसे व्यक्ति की कार का इस्तेमाल किया था, जिसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद इसकी रिपोर्ट तैयार की गई और कार्रवाई की गई।

गाजियाबाद में एक और बेटी चढ़ी दहेज की सूली: शादी के 6 महीने बाद हत्या, 10 दिन पहले भाई को बताई थी पति की काली करतूत

विनय मलिक को लेकर भी उठते रहे सवाल

बस अड्डा चौकी इंचार्ज विनय मलिक को करीब पांच महीने पहले तैनाती मिली थी। उनके खिलाफ भी लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं। आरोप था कि कुछ मामलों में तहरीर बदलवाने का दबाव बनाया गया। स्थानीय व्यापारियों ने भी उनके कार्य व्यवहार को लेकर कई बार शिकायत दर्ज कराई थी। इन शिकायतों की समीक्षा के बाद विभाग ने सख्त कदम उठाया।

हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल भी कार्रवाई की जद में

कादराबाद चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल सुभारी गिरि के खिलाफ भी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। वहीं कांस्टेबल नितिन यादव के कार्यों को लेकर भी विभागीय स्तर पर सवाल उठे थे। जांच और समीक्षा के बाद दोनों को भी लाइन हाजिर कर दिया गया।

जल्द होगी नई तैनाती

डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि समय पर विवेचना पूरी न करना और कार्य में लापरवाही बरतना गंभीर मामला है। इसी आधार पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि खाली हुए पदों पर जल्द ही नए अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। जिससे पुलिसिंग व्यवस्था प्रभावित न हो।

Location :  Ghaziabad

Published :  10 June 2026, 8:52 AM IST

Related News

Advertisement