हिंदी
नोएडा के सेक्टर-4 स्थित बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में फंसे करीब 250 कर्मचारियों को दमकल विभाग ने सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में 37 लोग घायल हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
नोएडा की फैक्ट्री में लगी भीषण आग
Noida News: नोएडा में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा हुआ। सेक्टर-4 स्थित बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। अंदर काम कर रहे करीब 200 से अधिक कर्मचारी कुछ ही मिनटों में खतरे में आ गए। फैक्ट्री के अंदर चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। कई लोग धुएं से बेहोश हो गए तो कुछ जान बचाने के लिए ऊंचाई से कूद पड़े। हालात बेहद भयावह थे, लेकिन दमकल और पुलिस की तत्काल कार्रवाई से सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जिसमें से कुछ को नाजुक हालत में अस्पताल में एडमिट करवाया गया है।
दमकल ने लोगों को सुरक्षित निकाला
घटना गुरुवार तड़के नोएडा के सेक्टर-4 में स्थित एक विद्युत मीटर निर्माण फैक्ट्री की है। अचानक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में फैक्ट्री के कई हिस्से धुएं से भर गए। उस समय फैक्ट्री में करीब 200 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे, जो अंदर ही फंस गए थे। दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों और हाइड्रॉलिक लिफ्ट की मदद से एक-एक कर सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
30 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
अपर पुलिस आयुक्त सुरक्षा और कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि सुबह आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग के साथ कई थानों की पुलिस टीम को भी मौके पर भेजा गया। आग को काबू में करने के लिए करीब 30 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई।
37 कर्मचारी घायल, अस्पताल में इलाज जारी
आग लगने के बाद फैक्ट्री के अंदर भगदड़ मच गई थी। इस दौरान कई कर्मचारी धुएं के कारण बेहोश हो गए, जबकि कुछ लोग मामूली रूप से झुलस गए। कुछ कर्मचारी घबराहट में ऊंचाई से कूदकर घायल हो गए। ऐसे कुल 37 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, जांच शुरू
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी, जो तेजी से फैल गई। घटना के बाद फैक्ट्री के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने लोगों को वहां से हटाकर बचाव कार्य जारी रखा। वहीं सूचना मिलते ही कर्मचारियों के परिजन भी फैक्ट्री और अस्पताल पहुंच गए। अपने परिजनों को सुरक्षित देखकर उन्होंने राहत की सांस ली। फिलहाल दमकल विभाग फैक्ट्री की फायर एनओसी और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रहा है।