हिंदी
आरोपी(Source: Dynamite News)
Fatehpur: जनपद के खखरेडू थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक पर युवती को प्रेमजाल में फंसाकर शारीरिक शोषण करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता की माँ की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खखरेडू थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी मंसूर अहमद ने गांव की ही एक 19 वर्षीय युवती को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने युवती के कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इन्हीं वीडियो के आधार पर आरोपी पिछले डेढ़ साल से युवती को ब्लैकमेल कर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी मंसूर अहमद युवती पर लगातार धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहा था। जब युवती ने इससे साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। 25 अप्रैल की सुबह जब युवती घर में बदहवास हालत में रोती हुई मिली, तब परिजनों को इस पूरी आपबीती का पता चला।
युवती के पिता बाहर मजदूरी करते हैं, ऐसे में माँ ने हिम्मत जुटाकर थाने पहुँचकर लिखित तहरीर दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पौली गेट मलिहाबाग के पास से गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया है।
Location : Fatehpur
Published : 28 April 2026, 5:38 AM IST
Topics : fatehpur news Forced Conversion Khakhredu Police Mansoor Ahmad Arrested Religious Conversion Pressure