Maharajganj: फरेंदा में आखिर किसकी लापरवाही से बिगड़ी प्रसूता की हालत? जांच में खुलेंगे राज

महराजगंज के फरेंदा क्षेत्र में सीएचसी बनकटी पर प्रसूता ने गलत उपचार और लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि हालत बिगड़ने पर इलाज में भारी खर्च हुआ और आर्थिक संकट झेलना पड़ा। मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंची है और जांच के आदेश दिए गए हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 June 2026, 3:58 PM IST
google-preferred

Maharajganj: महराजगंज जिले के फरेंदा क्षेत्र में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी एक गंभीर आरोप के घेरे में आ गया है। परसाबेनी निवासी ममता ने आरोप लगाया है कि 11 फरवरी को नियमित जांच के लिए अस्पताल पहुंचने के बाद उन्हें डिलीवरी के लिए समय से पहले दवाएं और इंजेक्शन दिए गए, जिसके बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गईं।

रेफर के बाद निजी अस्पतालों में हुआ इलाज

परिजनों के अनुसार, हालत गंभीर होने पर उन्हें पहले जिला क्षेत्र और बाद में गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लंबे उपचार और ऑपरेशन के बाद उनकी जान बच सकी। इस पूरे इलाज में लगभग ढाई लाख रुपये खर्च हो गए, जिससे परिवार को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा।

आर्थिक तंगी और दबाव के आरोप

पीड़िता का कहना है कि इलाज के लिए उन्हें अपने गहने बेचने पड़े और रिश्तेदारों से उधार लेना पड़ा। इसके अलावा शिकायत करने के बाद कुछ लोगों द्वारा समझौते के लिए दबाव बनाने और पैसे की मांग करने का भी आरोप लगाया गया है।

न्याय की मांग और लगातार शिकायत

ममता ने जिलाधिकारी सहित संबंधित विभागों को शिकायत भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और इलाज का खर्च वापस दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि वह लगातार अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

फरेंदा समाधान दिवस में आखिर किस बात पर डीएम ने दिखाई सख्ती? अधिकारियों को दिए बड़े निर्देश

प्रशासन की प्रतिक्रिया और जांच के आदेश

स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच कराने की बात कही है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कौन थी ‘मोगली गर्ल’? 9 साल पहले बंदरों के बीच मिली बच्ची ने अब दुनिया को कहा अलविदा, कहानी जानकर भर आएंगी आंखें

क्षेत्र में उठे सवाल

इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि जांच पारदर्शी हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Location :  Maharajganj

Published :  20 June 2026, 3:55 PM IST

Advertisement