जसवंतनगर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने छीना घर का चिराग, 16 साल के किशोर की मौके पर ही मौत

इटावा के जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम गारमपुर निवासी 16 वर्षीय किशोर प्रिंस की शनिवार सुबह ट्रैक्टर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। वह बाइक से जा रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे रौंद दिया।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 13 June 2026, 12:17 PM IST
google-preferred

Jaswantnagar : इटावा के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

युवक को ट्रैक्टर ने मारी जोरदार टक्कर

जानकारी के अनुसार, ग्राम गारमपुर निवासी प्रिंस (16) पुत्र स्वर्गीय शोबरन सिंह शनिवार सुबह अपनी बाइक से हरकुपुर गांव सरिया काटने वाला कटर देने जा रहा था। बताया जाता है कि वह सदर बाजार स्थित ओम साईं बीच भंडार के पास इमली के निकट पहुंचा ही था कि बस स्टैंड चौराहे की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जसवंतनगर पुलिस ने की लूट की साजिश नाकाम, मुठभेड़ में दबोचे गए दो शातिर बदमाश

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।

परिवार में छाया मातम

किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक तीन भाइयों में मंझला था। उसके बड़े भाई सन्नी, छोटे भाई लवकुश, बहन नंदिनी और मां गंगा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से ग्रामीणों में भी शोक व्याप्त है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा मामले की जांच की जा रही है।

Location :  Jaswantnagar

Published :  13 June 2026, 12:16 PM IST

Advertisement