एटा में मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, युवक की मौत, सात लोग झुलसे; जानिये पूरी घटना

उत्तर प्रदेश के एटा जिले के अलीगंज कस्बे में मोहर्रम के जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जुलूस में शामिल ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे करंट फैल गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात लोग झुलस गए। घटना के बाद लोगों ने बिजली विभाग और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 26 June 2026, 12:51 PM IST
google-preferred

Etah: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के अलीगंज कस्बे में शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे मोहर्रम का गश्त का ताजिया पुरानी तहसील चौराहे के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान ताजिया अचानक एक ओर झुक गया और ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। बिजली सप्लाई चालू होने के कारण ताजिया उठाए लोगों में करंट दौड़ गया। देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एक युवक की मौत, सात लोग घायल

हादसे के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मोहल्ला मेवातियान निवासी 19 वर्षीय सैफ पुत्र शाकिर को मृत घोषित कर दिया। हादसे में साहिल (18), अली हसन (18), आमिर (22), खुर्शीद (30), असरफ (15) और नसीम (30) समेत सात लोग झुलस गए। इनमें से एक गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

अस्पताल में जुटी भीड़, लोगों ने जताया आक्रोश

घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। लोगों ने बिजली विभाग और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जुलूस के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि घटना के समय संबंधित उपखंड अधिकारी और जूनियर इंजीनियर मौके पर मौजूद नहीं थे।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। युवा बसपा नेता जुनैद मियां ने भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जांच कराने और लापरवाही मिलने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मोहर्रम क्यों मनाया जाता है?

मोहर्रम इस्लाम धर्म का एक महत्वपूर्ण महीना है। इसकी 10वीं तारीख, जिसे आशूरा कहा जाता है, पर इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत को याद किया जाता है। माना जाता है कि इमाम हुसैन ने अन्याय और अत्याचार के खिलाफ लड़ते हुए करबला की लड़ाई में अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उनकी कुर्बानी की याद में शोक सभाएं आयोजित की जाती हैं, ताजिया निकाले जाते हैं और लोग शांति, इंसानियत और न्याय का संदेश देते हैं।

Location :  Etah

Published :  26 June 2026, 12:51 PM IST

Related News

Advertisement