हिंदी
ग्रेटर नोएडा के दीपक नागर हत्याकांड
Noida Desk: ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) में हुए दीपक नागर हत्याकांड (Deepak Nagar Murdercase) ने साबित कर दिया है कि रंजिश कभी खत्म नहीं होती। एक साल नहीं, 5 साल नहीं या 10 साल नहीं जबकि कई सालों तक लोगों के दिल और दिमाग में रंजिश और खून के बदले खून की आग जलती रहती है। ग्रेटर नोएडा के वैदपुरा गांव में रहने वाले दीपक नागर की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दीपक की मां और बहन की सिर्फ एक ही मांग है कि उनको अपने बेटे और भाई की हत्या का इंसाफ चाहिए।
डाइनामाइट न्यूज़ की टीम इस हत्याकांड में पहले दिन से ही रिपोर्टिंग और जमीनी हकीकत जानने में जुटी हुई है। शनिवार को डाइनामाइट न्यूज़ की टीम दीपक के घर पहुंची। वहां पर दीपक की मां, बहन और बुआ से बातचीत की। इस दौरान बुआ ने डाइनामाइट न्यूज़ से बात करते हुए कहा, "मुझे बुलडोजर से कार्रवाई चाहिए। उनके घर पर बुलडोजर चलना चाहिए। मुझे मेरे भतीजे की हत्या का इंसाफ चाहिए। तीन आरोपी अभी फरार है। सबके खिलाफ कार्रवाई होनी है।"
दीपक की मां ने कहा, "मेरे बेटे का क्या कसूर था? मेरा बेटा यूपी पुलिस की तैयारी कर रहा था और वह बहुत जल्दी कामयाब होने वाला था? लेकिन उससे पहले आरोपियों ने मेरे बेटे की हत्या कर दी। मुझे इंसाफ चाहिए। मुझे न्याय चाहिए।"
दीपक की बहन ने कहा, "जिस तरीके से मेरा भाई गया है। उसी तरीके से मुझे इंसाफ चाहिए। मेरा भाई सभी से राम-राम करके चलता था। ऐसा बालक इस गांव में नहीं था, फिर भी उन लोगों ने मेरे भाई को मार दिया।"
Location : Noida
Published : 23 May 2026, 4:37 PM IST