हिंदी
दावे-आपत्तियों की सुनवाई पर ऑनलाइन निगरानी
महराजगंज: जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई प्रक्रिया को प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को पूर्वाह्न 10.30 बजे ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ईआरओ, एईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ की रीयल-टाइम उपस्थिति की मॉनिटरिंग भी की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समय से पहले अपने-अपने सुनवाई स्थलों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ही स्थल छोड़ें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही निर्देशित किया कि मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत आवश्यक प्रपत्रों की मैपिंग हर हाल में उसी दिन सुनिश्चित की जाए।
Gorakhpur: जानलेवा बनी बिजली ड्यूटी, अचानक संविदा लाइनमैन की मौत; जानिये पूरा मामला
मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने सुनवाई स्थलों पर पेयजल, शौचालय और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने को कहा। जहां मतदाताओं की संख्या अधिक हो, वहां टोकन प्रणाली लागू कर सुनवाई को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
उन्होंने सभी अधिकारियों को यह भी याद दिलाया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी समस्त निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता बनाए रखते हुए मतदाताओं की समस्याओं का समयबद्ध एवं विधिसम्मत निस्तारण किया जाए, जिससे मतदाता सूची का शुद्धीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सके। समीक्षा बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार भी उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 9 February 2026, 6:18 PM IST
Topics : Maharajganj News UP SIR UP News