हिंदी
गोताखोरों की मदद से तलाश जारी (IMG: Dynamite News)
Ballia: पारिवारिक विवाद से परेशान एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगाकर सनसनी फैला दी। मामला बलिया के दुबहड़ थाना क्षेत्र का है, जहां शुक्रवार दोपहर नगवा गांव निवासी 36 वर्षीय नसीम अंसारी जनेश्वर मिश्र सेतु से गंगा में कूद गया। युवक को नदी में छलांग लगाते देख उसके मामा के बेटे ने उसे रोकने और समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह उसे बचाने में कामयाब नहीं हो सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के साथ फ्लड रिलीफ पीएसी की मदद से गंगा नदी में युवक की तलाश शुरू कराई।
जानकारी के मुताबिक, नगवा गांव निवासी नसीम अंसारी (36) पुत्र अनवर अली शुक्रवार दोपहर किसी पारिवारिक विवाद से नाराज होकर घर से निकल गया था। बताया जा रहा है कि घर में हुए विवाद के बाद वह काफी परेशान था। उसके घर से निकलने के बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए थे। इसी बीच नसीम जनेश्वर मिश्र सेतु पर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि पुल पर उस समय उसका मामा का लड़का भी मौजूद था। दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, इसी दौरान नसीम ने अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी।
बलिया और देवरिया दौरे पर रहेंगे अखिलेश यादव, दिवंगत नेताओं के परिजनों से करेंगे मुलाकात
जनेश्वर मिश्र सेतु से युवक के गंगा में छलांग लगाने की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद दुबहड़ थानाध्यक्ष बृजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और युवक की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों और फ्लड रिलीफ पीएसी को बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार, नसीम अंसारी तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर है और अभी उसकी शादी नहीं हुई है। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। नसीम अपने परिवार की कपड़े की दुकान पर काम करता था। परिवार के बीच हुए विवाद के बाद उसके इस तरह घर से निकलने और फिर गंगा में छलांग लगाने की घटना से परिजन परेशान हैं।
बलिया में चुनाव का बिगुल बजने से पहले तैयारी शुरू, ईवीएम भंडार गृह पर प्रशासन का फोकस
बलिया में जनेश्वर मिश्र सेतु से गंगा नदी में छलांग लगाने की इस घटना के बाद पुलिस की निगरानी में खोजबीन जारी है। फिलहाल नसीम के नदी में कूदने के पीछे पारिवारिक कलह को वजह बताया जा रहा है। हालांकि, विवाद की पूरी वजह और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
Location : Ballia
Published : 9 October 2026, 8:04 PM IST