कुशीनगर से उपमुख्यमंत्री ने किए कई बड़े ऐलान, बजट से लेकर चुनाव तक; जानें क्या-क्या बोले केशव मौर्य?

कुशीनगर में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक जिला एक व्यंजन योजना, लखपति दीदी, जाति की राजनीति और केंद्रीय बजट को लेकर बड़ा संदेश दिया। विकास और सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 7 February 2026, 7:42 PM IST
google-preferred

Kushinagar: कुशीनगर में शनिवार का दिन सियासी और विकासात्मक संदेशों से भरा रहा। मंच से लेकर प्रेसवार्ता तक सरकार की नीतियों और भविष्य की योजनाओं का साफ खाका खींचा गया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक के बाद एक कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर न सिर्फ सरकार की उपलब्धियां गिनाई हैं। बल्कि विपक्ष, जाति की राजनीति और आने वाले वर्षों की दिशा को लेकर भी तीखे संकेत दिए।

एक जिला एक व्यंजन से बदलेगी ग्रामीण तस्वीर

तमकुहीराज के पास ग्राम गाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक जिला एक उत्पाद योजना की सफलता के बाद अब एक जिला एक व्यंजन योजना लागू की जा रही है। इस योजना के तहत प्रदेश के 75 जिलों के पारंपरिक व्यंजनों की पहचान की जाएगी और स्वयं सहायता समूहों की दीदियों के जरिए कैंटीन संचालन, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और देश-विदेश में विपणन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार मिलेगा और प्रदेश के देसी स्वाद को वैश्विक पहचान मिलेगी।

लखपति दीदी से करोड़पति समूह तक

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक करीब 30 लाख स्वयं सहायता समूह की दीदियों को लखपति बनाया जा चुका है। सरकार का लक्ष्य एक करोड़ लखपति दीदी बनाने का है, वहीं साढ़े सात हजार समूहों को करोड़पति समूह के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार उत्पादन की जिम्मेदारी महिलाओं को दे रही है और बाजार की व्यवस्था खुद कर रही है।

जाति की राजनीति पर तीखा हमला

फाजिलनगर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जाति के नाम पर राजनीति करने वाले दलों का भविष्य अब खत्म हो चुका है। भाजपा की नीति सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास पर आधारित है। उन्होंने कहा कि विपक्ष एक गरीब परिवार से आने वाले प्रधानमंत्री को स्वीकार नहीं कर पा रहा, यही कारण है कि संसद में उन्हें बोलने तक नहीं दिया गया।

2017 से पहले और आज का फर्क

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में बिजली आती नहीं थी, आज बिजली जाती नहीं है। मनरेगा में पहले भ्रष्टाचार था, अब डीबीटी के जरिए पैसा सीधे खाते में पहुंच रहा है। पहले एक रुपये में से 15 पैसा गरीब तक पहुंचता था, आज पूरा लाभ लाभार्थी को मिल रहा है।

केंद्रीय बजट को बताया विकसित भारत की नींव

कुशीनगर पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में उप मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट को विकसित भारत की दिशा में मजबूत आधार बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, महिला और युवाओं को सशक्त करेगा। निवेश को बढ़ावा देकर भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में यह बजट अहम साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सही दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Location : 
  • Kushinagar

Published : 
  • 7 February 2026, 7:42 PM IST

Advertisement
Advertisement