हिंदी
सपा जिलाध्यक्ष का सरकार और निर्वाचन आयोग पर हमला (Img: Dynamite News)
Deoria: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर समाजवादी पार्टी ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। देवरिया में सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आत्मा है और मताधिकार से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफे की मांग की।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि SIR के नाम पर किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं काटा जाना चाहिए। गरीब, मजदूर, किसान, बुजुर्ग, महिलाओं और वंचित वर्ग के लोगों को दस्तावेजों की जटिलताओं में उलझाकर उनके मताधिकार को प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने निर्वाचन आयोग से सवाल किया कि SIR के दौरान हटाए गए नामों का विधानसभा और बूथवार विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है। जांच के दायरे में आने वाले मतदाताओं को पर्याप्त समय और निष्पक्ष सुनवाई का अवसर देने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि वास्तविक मतदाता का नाम उचित जांच और प्रक्रिया के बिना सूची से बाहर नहीं होना चाहिए।
ये भी पढ़ें- ‘फूलन देवी बनकर बदला लूंगी’… जलती झोपड़ी के वीडियो के बाद महिला का धमकी भरा वीडियो वायरल
व्यास यादव ने कहा कि निर्वाचन आयोग संवैधानिक संस्था है और समाजवादी पार्टी उसका सम्मान करती है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं से सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता की जरूरत बताते हुए ईवीएम और वीवीपैट को लेकर विपक्ष की चिंताओं का समाधान करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल किया जाना चाहिए। फॉर्म-6 में कथित विसंगतियों का हवाला देते हुए उन्होंने पुरानी व्यवस्था के अनुरूप प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की। उनका कहना था कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र भारतीय नागरिक को मतदाता बनने से अनावश्यक दस्तावेजी जटिलताओं के कारण नहीं रोका जाना चाहिए।
व्यास यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन वास्तविक मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के बीच जाकर SIR के मुद्दे को उठाएगी और इसके विरोध में प्रदर्शन भी करेगी।
ये भी पढ़ें- Hamirpur: कुरारा में चेयरमैन और पूर्व चेयरमैन आमने-सामने, अब आरोपों की बौछार
सपा जिलाध्यक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में चोरी, डकैती, दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं रुक नहीं रही हैं। उनके मुताबिक गरीब और पीडीए समाज के लोग इन घटनाओं से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से पिछली और मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुई हत्या व अन्य आपराधिक घटनाओं का तुलनात्मक आंकड़ा सार्वजनिक करने की मांग की। व्यास यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और अपराधियों में कानून का भय नहीं रह गया है।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि उनका संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतंत्र, पारदर्शिता, निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए है। उन्होंने दोहराया कि SIR प्रक्रिया का पारदर्शी ऑडिट कराया जाए, मतदाता सूची की विसंगतियां दूर की जाएं और सभी पात्र नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
Location : Deoria
Published : 3 October 2026, 4:22 PM IST