हिंदी
तार को ठीक करते युवक (Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया जिले के सलेमपुर क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही से परेशान ग्रामीणों ने खुद ही समस्या का समाधान कर डाला। बभनौली गांव के सामने सलेमपुर-चेरो मार्ग पर कई महीनों से बिजली का जर्जर तार नीचे लटक रहा था। यह तार कई बार टूटकर सड़क पर गिर चुका था, जिससे राहगीरों की जान पर खतरा मंडरा रहा था।
ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते से रोज बस, ट्रक, बाइक और अन्य वाहन गुजरते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। करंट लगने से किसी की जान भी जा सकती थी, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग की ओर से केवल आश्वासन ही मिलता रहा।
गांव के नीरज पांडेय, सुभाष गौड़, कुलदीप यादव समेत कई ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ सांसद और विधायक से भी समस्या के समाधान की मांग की थी। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद न तो जर्जर तार बदला गया और न ही नया पोल लगाया गया। समय बीतता गया, लेकिन हालात जस के तस बने रहे। इससे ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ती रही।
सड़क पर पसरा मौत का सन्नाटा, बदायूं में काल बनी कैंटर गाड़ी, पल भर में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार
इसके बाद, ग्रामीणों ने तय किया कि अब और इंतजार नहीं किया जाएगा। पहले बिजली सप्लाई का शटडाउन कराया गया। जब ऊंचाई तक पहुंचने के लिए सीढ़ी नहीं मिली तो गांव के मैनेजर यादव का कंबाइन हार्वेस्टर मंगाया गया। युवा हार्वेस्टर पर चढ़े और बांस की फट्टी की मदद से कई जगह लटक रहे तार को कसकर बांध दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीण पूरे काम पर नजर बनाए रहे। युवाओं के इस कदम की इलाके में खूब चर्चा हो रही है।
ग्रामीणों की मेहनत से तार तो कस गया, लेकिन जैसे ही बिजली सप्लाई दोबारा चालू की गई, ट्रांसफार्मर जल गया। इससे साफ हो गया कि समस्या केवल लटकते तार की नहीं थी, बल्कि पूरी बिजली लाइन में तकनीकी खराबी मौजूद थी। अब इलाके में बिजली आपूर्ति फिर से बाधित हो गई है और ग्रामीणों का कहना है कि स्थायी समाधान के लिए विभाग को पूरी लाइन और जर्जर उपकरण बदलने होंगे।
रिश्तों की कड़वाहट का मासूम शिकार, मां ने बेटी संग उठाया ये खौफनाक कदम, दोनों की हालत बेहद नाजुक
इस दौरान संतोष यादव, जनार्दन पांडेय, सोनू पांडेय, अर्जुन शर्मा, गुड्डू पांडेय, निरहू यादव, भीम कनौजिया, भोला कुशवाहा समेत कई दर्जन ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी नियम का उल्लंघन करना नहीं था, बल्कि लगातार बनी हुई जानलेवा स्थिति से लोगों को बचाना था।
Location : Deoria
Published : 4 July 2026, 4:31 PM IST