हिंदी
देवरिया में पुलिस की बर्बरता
Deoria: सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक पीड़ित परिवार ने पुलिस और दबंगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जबरन घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का दावा है कि विवादित मकान का मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद कार्रवाई की गई।
देवरिया में पुलिस पर गंभीर आरोप, महिलाओं और दिव्यांग से मारपीट#deoria #sadarkotwali #policeallegationcase #womanassaultcase pic.twitter.com/YMpU1WPTtV
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) September 21, 2026
मामला देवरिया सदर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे स्टेशन रोड स्थित कंपोजिट अंग्रेजी शराब की दुकान के पास का बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, कुछ दबंग लोग पुलिस के साथ उनके घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों के साथ कथित तौर पर मारपीट की।
परिवार का आरोप है कि इस दौरान महिलाओं और एक दिव्यांग व्यक्ति के साथ भी अभद्रता की गई। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें घसीटते हुए घर से बाहर कर दिया गया। परिवार ने आरोप लगाया कि मकान को लेकर विवाद कई वर्षों से चल रहा है और मामला न्यायालय में लंबित होने के बावजूद दबंगों ने पुलिस की मौजूदगी में घर खाली कराने का प्रयास किया।
दिव्यांग को घसीटते हुए
पीड़ित परिवार की ओर से घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आने का दावा किया गया है। परिवार का कहना है कि वीडियो में पुलिसकर्मी महिलाओं और दिव्यांग व्यक्ति के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
पीड़ित परिवार ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। परिवार ने न्यायालय में विचाराधीन मामले के बावजूद की गई कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

देवरिया तहसील में भ्रष्टाचार के आरोपों पर बवाल, अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन
हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घटना में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति क्या है। फिलहाल पीड़ित परिवार प्रशासन से न्याय और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहा है।
Location : Deoria
Published : 21 September 2026, 5:57 AM IST