हिंदी
बीच नदी में कुदरत का खौफनाक रूप (Img- Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक ऐसी प्राकृतिक घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रशासन को भी हैरान कर दिया है। बरहज तहसील क्षेत्र के भदिला देवार गांव के पास सोमवार की शाम राप्ती नदी के बीचों-बीच अचानक एक विशालकाय जल-बवंडर (वाटर स्पआउट) उठ खड़ा हुआ।
नदी के पानी को आसमान की तरफ खींचते इस बवंडर के साथ एक भयंकर और डरावनी आवाज भी गूंज रही थी, जिसे सुनकर आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग तटबंधों पर जमा हो गए।
ग्रामीणों ने इस दुर्लभ और डरावने मंजर को तुरंत अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
राहत की बात यह रही कि जिस वक्त यह बवंडर उठा, उस समय नदी के उस हिस्से में कोई नाविक या नाव मौजूद नहीं थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस रफ्तार से हवा और पानी का बवंडर घूम रहा था, अगर कोई नाव उसकी चपेट में आती तो पलक झपकते ही जलसमाधि बन जाती।
राप्ती नदी में अचानक इस तरह पानी का बवंडर बनने और उसके साथ तेज आवाज आने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पर्यावरण और मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अक्सर स्थानीय हवा के भारी दबाव, नदी के सतह के तापमान में बदलाव या जलधारा के आपस में टकराने से ऐसे 'वाटर स्पआउट' बनते हैं। हालांकि, सटीक वजह का खुलासा फॉरेंसिक और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
देवरिया में भीषण हादसा: डिवाइडर पार करते ही आमने-सामने भिड़ीं दो कारें, एक की मौत; दो की हालत गंभीर
मानसूनी सीजन में राप्ती और सरयू नदियों के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसील प्रशासन ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस अचानक हुए बवंडर के पीछे कोई भूगर्भीय हलचल थी या केवल मानसूनी हवाओं का असर। फिलहाल, नदी किनारे बसे गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
Location : Deoria
Published : 18 August 2026, 2:43 PM IST
Topics : Deoria News Rapti River UP Monsoon UP News