Deoria: अंधेरी रात में टैंकर से निकल रहा था काला धन… जब पुलिस की टार्च पड़ी तो उड़ गए होश

देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने टैंकर से डीजल चोरी करते चालक और खलासी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने टैंकर से डीजल निकालकर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों को न्यायालय भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 1 August 2026, 7:23 PM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में गौरीबाजार थाना पुलिस ने टैंकर से डीजल चोरी करने वाले चालक और खलासी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 45 लीटर डीजल, प्लास्टिक के डिब्बे, तेल निकालने का पाइप और कीप बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने टैंकर से डीजल निकालकर बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।

सूचना मिलने पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येंद्र राय के पर्यवेक्षण में थाना गौरीबाजार पुलिस ने कार्रवाई की। शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर सिरजम चौराहे के पास एक टैंकर (यूपी 52 एटी 0730) से डीजल चोरी करते दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Deoria: शादी का वादा, अश्लील वीडियो और फिर… वीडियो वायरल करने वाले दरिंदे के मोबाइल से खुले कई राज!

45 लीटर डीजल और उपकरण बरामद

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजेश यादव (40), निवासी धतुरा खास उसरा टोला, थाना गौरीबाजार तथा अरविंद निषाद (28), निवासी नरौली भीखम, थाना खुखुंदू के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक ड्रम में 45 लीटर डीजल, 15-15 लीटर के दो प्लास्टिक डिब्बे, तेल निकालने का पाइप तथा एक कीप बरामद की।

पूछताछ में किया चोरी का खुलासा

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि वे टैंकर के चालक और सहचालक (खलासी) हैं। मौका मिलने पर टैंकर से डीजल निकाल लेते थे और बाद में उसे बेचकर अवैध लाभ कमाते थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।

Deoria: सड़क पर लापरवाही पड़ेगी भारी; यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस का बड़ा अभियान

न्यायालय भेजे गए आरोपी

गौरीबाजार थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Deoria

Published :  1 August 2026, 7:23 PM IST

Advertisement