Raksha Bandhan से पहले मिठाई की दुकानों पर छापा, 80 किलो लड्डू देखकर अफसर भी रह गए हैरान! जानें क्या मिली गड़बड़ी

रक्षाबंधन से पहले देवरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई कारखानों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। चकिया स्थित मिठाई कारखाने में अस्वच्छता और अत्यधिक रंग के इस्तेमाल पर 80 किलो लड्डू नष्ट कराए गए। टीम ने लड्डू, मिल्क केक, खोया और पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 26 August 2026, 8:17 AM IST
google-preferred

Deoria: रक्षाबंधन पर्व से पहले देवरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के कई मिठाई कारखानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक मिठाई निर्माण कारखाने में अनियमितताएं मिलने पर 80 किलोग्राम लड्डू मौके पर ही नष्ट करा दिए गए। इन लड्डुओं की कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई गई है।

मिठाई कारखाने में मिलीं कई अनियमितताएं

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा और जिलाधिकारी देवरिया के निर्देश पर टीम ने नगर क्षेत्र के चकिया मोहल्ले में सनी जायसवाल के मिठाई निर्माण कारखाने का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कारखाने में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के निर्माण से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं।

टीम ने मौके से लड्डू और मिल्क केक के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य कारोबारकर्ता को सुधार नोटिस भी जारी किया गया है।

अत्यधिक रंग वाले 80 किलो लड्डू नष्ट

निरीक्षण के दौरान टीम को अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किए जा रहे लड्डू मिले। इन लड्डुओं में अत्यधिक रंग का प्रयोग किए जाने की बात सामने आई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने करीब 80 किलोग्राम लड्डू, जिसकी अनुमानित कीमत 16 हजार रुपये है, मौके पर ही नष्ट करा दिया।

Monsoon Dynamic Alert: राखी पर चक्रवाती आफत, 19 राज्यों में झमाझम बारिश, IMD ने जारी किया रेड-येलो अलर्ट

खोया और पनीर के भी लिए नमूने

अभियान के दौरान विभागीय टीम ने अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। खोया व्यापारी राजा त्रिवेदी के प्रतिष्ठान से खोये का नमूना लिया गया। इसके अलावा सोनूघाट क्षेत्र में कुंज बिहारी के पनीर-खोया निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया। यहां से खोया और पनीर के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ballia Crime: शाम होते ही मचा हड़कंप, पेट में चाकू घोंपकर युवक को किया घायल; BHU रेफर

रक्षाबंधन तक जारी रहेगा अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए छापेमारी और जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य कारोबारकर्ताओं से साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और ताजी व गुणवत्तापूर्ण मिठाइयों की बिक्री करने की अपील की गई है।

अधिकारियों ने मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए अत्यधिक रंगों के इस्तेमाल से बचने और चांदी के वर्क के निर्धारित मानकों का पालन करने को कहा है। साथ ही ग्राहकों को मिठाई की उपयोग करने की समयसीमा की जानकारी देने की अपील की गई है, ताकि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ मिल सकें।

Location :  Deoria

Published :  26 August 2026, 8:17 AM IST

Related News

Advertisement