हिंदी
डीएम मधुसूदन हुल्गी ने मेहरौना विद्यालय का किया निरीक्षण (फोटो: डाइनामाइट न्यूज)
Deoria: उत्तर प्रदेश के जिले देवरिया के नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित आश्रम पद्धति विद्यालय, मेहरौना का औचक निरीक्षण किया। शाम करीब 4:30 बजे पहुंचे जिलाधिकारी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, कक्षाओं की स्थिति, स्टेशनरी, पाठ्य-पुस्तकों और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय में पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं के लिए जरूरी सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि नए सत्र की शुरुआत बिना किसी परेशानी के हो सके। उन्होंने कहा कि विद्यालय का वातावरण स्वच्छ और व्यवस्थित होना चाहिए। साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर माहौल में शिक्षा प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों की जानकारी भी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिक्षा की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नियमित और बेहतर पठन-पाठन की सुविधा मिलनी चाहिए। साथ ही उन्हें सभी जरूरी शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने शिक्षकों से भी पूरी जिम्मेदारी और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई।
DA ने बताया कि बुधवार से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो रहा है। ऐसे में विद्यालय प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं पहले से ही पूरी कर लेनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और छात्रों के विद्यालय पहुंचने से पहले सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण किया जाएगा। यदि कहीं कोई कमी पाई जाती है तो उसे तत्काल दूर कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार चौधरी उपस्थित रहे। उन्होंने जिलाधिकारी को विद्यालय की व्यवस्थाओं और नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने आवश्यक सुझाव देते हुए निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता और अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी मिलकर जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
Location : Deoria
Published : 1 July 2026, 12:45 PM IST