सीएमओ कार्यालय के गेट पर बिगड़ी युवक की तबीयत, मेडिकल कॉलेज में मौत; शव लेने से परिजनों ने किया इनकार!

देवरिया में शुक्रवार की रात करीब दो बजे CMO कार्यालय के मुख्य गेट के सामने 41 वर्षीय मनोज शर्मा की तबीयत बिगड़ गई। कर्मचारियों ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आधार कार्ड से मृतक की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह कई दिनों से घर से लापता था। परिजनों में से पहुंची एक महिला ने शव लेने से इनकार कर दिया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 31 October 2026, 12:00 PM IST
google-preferred

Deoria: देवरिया में शुक्रवार की देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हलचल मच गई। युवक सीएमओ कार्यालय के मुख्य गेट के सामने अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। उसकी हालत बिगड़ती देख वहां तैनात कर्मचारियों ने बिना देर किए उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में युवक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन जेब से मिले आधार कार्ड ने उसकी पहचान उजागर कर दी। मृतक बिहार के गोपालगंज जिले का रहने वाला था और बताया जा रहा है कि वह कई दिनों से अपने घर से लापता था।

सीएमओ कार्यालय के गेट पर अचानक बिगड़ी तबीयत

मामला देवरिया सदर कोतवाली क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात करीब दो बजे सीएमओ कार्यालय के मुख्य गेट के सामने एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। युवक की हालत देखकर आसपास मौजूद लोगों और सीएमओ कार्यालय में तैनात कर्मचारियों का ध्यान उसकी तरफ गया। बताया जा रहा है कि युवक की स्थिति लगातार बिगड़ रही थी। ऐसे में सीएमओ कार्यालय पर तैनात कर्मचारियों ने मानवीय पहल करते हुए उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंचाया। यहां उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया और डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया।

देवरिया में गुड़िया हत्याकांड का खुलासा, सुपारी देकर कराई गई थी हत्या; छह गिरफ्तार

आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान

मेडिकल कॉलेज में युवक की मौत के बाद उसकी पहचान करने की कोशिश शुरू हुई। इसी दौरान उसकी जेब से आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड पर दर्ज जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान मनोज शर्मा (41 वर्ष) पुत्र के रूप में हुई, जो बिहार के गोपालगंज जिले के मठिया मटीयारी का निवासी था। पहचान सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से सदर कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।

बिहार पुलिस को दी गई सूचना

पुलिस ने मृतक के पास मिले आधार कार्ड पर दर्ज पते के आधार पर उसके गृह जनपद और संबंधित थाना क्षेत्र की जानकारी जुटाई। इसके बाद बिहार के विजयपुर थाने की पुलिस को घटना की सूचना दी गई। देवरिया पुलिस से जानकारी मिलने के बाद बिहार पुलिस ने मनोज शर्मा के परिजनों से संपर्क किया और उन्हें उसकी मौत के बारे में बताया। अचानक मिली इस खबर से परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई।

ट्रैक्टर के नीचे फंसी बाइक, 50 मीटर तक घसीटता रहा चालक: देवरिया में सनबीम स्कूल के पास भीषण हादसा

मेडिकल कॉलेज पहुंची महिला

युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिजनों में से एक महिला मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंची। यहां उसे मनोज शर्मा की मौत के बारे में जानकारी दी गई। हालांकि, महिला ने शव लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल शव को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

कई दिनों से घर से लापता था मनोज शर्मा

इस पूरे मामले में एक अहम जानकारी यह भी सामने आई है कि मनोज शर्मा काफी दिनों से अपने घर से लापता था। वह देवरिया कैसे पहुंचा और सीएमओ कार्यालय के मुख्य गेट के सामने किन परिस्थितियों में उसकी तबीयत बिगड़ी, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल यह भी पता नहीं चल पाया है कि उसकी तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी थी।

Location :  Deoria

Published :  31 October 2026, 12:00 PM IST

Advertisement