थानेदार के चैंबर के बाहर गूंजी चीखें और बरसी लाठियां, देवरिया के भटनी थाने में क्यों बेरहमी से पीटा गया युवक?

देवरिया के भटनी थाने में युवक शिवम तिवारी से कथित मारपीट के मामले में पुलिस अधीक्षक ने एक उपनिरीक्षक और दो आरक्षियों को निलंबित कर दिया है। शिवम ने थाने के अंदर पिटाई का आरोप लगाया था। सीओ की जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद एसआई संतोष यादव, आरक्षी आशीष और चन्द्रिका सरोज पर कार्रवाई हुई।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 18 November 2026, 4:52 PM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भटनी थाने में युवक के साथ मारपीट के मामले में पुलिस अधीक्षक ने एक उपनिरीक्षक और दो आरक्षियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में एसआई संतोष यादव, आरक्षी आशीष और आरक्षी चन्द्रिका सरोज शामिल हैं। भटनी थाना क्षेत्र के पिपरा देवराज निवासी शिवम तिवारी ने पुलिसकर्मियों पर थाने के अंदर बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाया था। सीओ की जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद एसपी ने तीनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

ट्रैक्टर को लेकर बाइक सवार युवकों से हुआ था विवाद

शिकायतकर्ता शिवम तिवारी के मुताबिक, 16 नवंबर की शाम सल्लहपुर चौराहे पर ट्रैक्टर को लेकर बाइक सवार तीन युवकों से उनका विवाद हुआ था। इस दौरान मौके पर पहुंचे दो सिपाहियों ने बाइक सवार तीनों युवकों को वहां से भगा दिया। शिवम का आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें थाने ले गए और वहां लाठी से मारने की धमकी दी।

ये भी पढ़े: आपका वोट कहीं छूट तो नहीं जाएगा? देवरिया में मतदाता सूची की शुरू हुई बड़ी जांच

पिता और चाचा के साथ थाने पहुंचे तो पिटाई का आरोप

शिवम तिवारी ने अपनी शिकायत में बताया कि अगले दिन वह अपने पिता और चाचा के साथ भटनी थाने पहुंचे थे। वहां उनकी प्रभारी निरीक्षक से बातचीत हुई। आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक ने उन्हें अपने चैंबर से बाहर जाकर पुलिसकर्मियों से बात करने के लिए कहा। शिवम का आरोप है कि इसी दौरान उपनिरीक्षक संतोष यादव और दोनों आरक्षियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उनकी आवाज सुनकर पिता, चाचा और प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे और उन्हें पुलिसकर्मियों से छुड़ाया। शिकायत में शिवम ने थाने के अंदर हुई इस घटना का पूरा विवरण देते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की थी।

ये भी पढ़े: देवरिया में बकाया मानदेय की मांग को लेकर शिक्षा प्रेरकों का धरना, लखनऊ तक आंदोलन करने की चेतावनी

सीओ की जांच में आरोपों की पुष्टि

शिवम तिवारी की शिकायत के बाद मामले की जांच सीओ की ओर से की गई। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने संबंधित तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक संतोष यादव, आरक्षी आशीष और आरक्षी चन्द्रिका सरोज शामिल हैं। इस मामले में पुलिस अधीक्षक की ओर से की गई कार्रवाई के बाद भटनी थाने में युवक के साथ कथित मारपीट का मामला चर्चा में है।

Location :  Deoria

Published :  18 November 2026, 4:51 PM IST

Advertisement