Sultanpur Ambulance Accident: चार शव गांव पहुंचे तो देवरिया के दुधैला में छाया मातम, रो पड़े परिजन

Deoria Ambulance Accident में चार लोगों की मौत के बाद रविवार सुबह सभी शव गहिला दुधैला गांव पहुंचे। हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ था, जहां सेना के सूबेदार सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर गांव लाते समय एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हुई। गांव में शव पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका शोक में डूब गया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 5 October 2026, 8:43 AM IST
google-preferred

Deoria: देवरिया के रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के गहिला दुधैला गांव में रविवार सुबह मातम पसर गया। चंडीगढ़ से सेना के सूबेदार सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एम्बुलेंस में सवार चार लोगों की मौत हो गई। रविवार सुबह जब शव गांव पहुंचे तो पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।

सूबेदार का पार्थिव शरीर लाते समय हादसा

ग्राम गहिला दुधैला निवासी सत्यवान सिंह पुत्र जयसिंह सेना में सूबेदार के पद पर तैनात थे। उनकी एक अक्टूबर को चंडीगढ़ कमांड अस्पताल में मृत्यु हुई थी। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर एम्बुलेंस से पैतृक गांव लाया जा रहा था।

चार अक्टूबर की सुबह सुल्तानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र में जरई कला गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की जान चली गई।

एम्बुलेंस चालक समेत चार की मौत

दुर्घटना में एम्बुलेंस चालक जशपाल पुत्र सुरेंद्र पाल, उम्र करीब 45 वर्ष, मृतक के भाई रामसमुझ पुत्र जयसिंह, उम्र करीब 55 वर्ष, मृतक के बेटे गौरव सिंह, उम्र करीब 18 वर्ष और रुद्रपुर के भरटोला वार्ड निवासी वार्ड सदस्य राजन चौधरी, उम्र करीब 32 वर्ष की मृत्यु हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद रविवार सुबह सभी मृतकों के शव पैतृक गांव गहिला दुधैला पहुंचे। एक साथ शव पहुंचने के बाद गांव का माहौल गमगीन हो गया।

HoneyTrape: सोशल मीडिया के जाल से पाकिस्तानी महिला ने नौसैनिक को फांसा और गोपनीय जानकारी की हासिल

डीएम और एसपी ने परिजनों से की मुलाकात

हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने शोक संतप्त परिवार के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने परिवार को सांत्वना दी और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

जिलाधिकारी ने परिजनों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि परिवार की जरूरत के अनुसार सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता के लिए प्रशासन पूरी तरह तत्पर है।

एक ही गांव में पसरा मातम

सुबह सायरन बजाते हुए जब शव गांव पहुंचे तो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूबेदार सत्यवान सिंह के पार्थिव शरीर को उनके घर के दरवाजे पर रखा गया। वहीं बाकी चार मृतकों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए रुद्रपुर के बथुआ घाट ले जाने की तैयारी की गई।

परिजन और ग्रामीण शवों को कंधा देते हुए रोते-बिलखते नजर आए। एक ही घटना में पांच परिवारों पर आई इस विपदा से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Location :  Deoria

Published :  5 October 2026, 8:43 AM IST

Related News

Advertisement