दरवाजे पर खेल रही 5 साल की मासूम अचानक हुई बेहोश, अस्पताल ले जाते समय मौत; फिर CHC पर हुआ हंगामा

महराजगंज के सिसवा बाजार में घर के बाहर खेल रही पांच साल की बच्ची की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने जहरीले कीड़े के काटने का दावा किया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सिसवा CHC पर हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 September 2026, 8:27 PM IST
google-preferred

Maharajganj: सिसवा बाजार में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना से परिवार में मातम छा गया। कोठीभार थाना क्षेत्र के खेसरारी टोला में घर के दरवाजे के पास खेल रही पांच साल की बच्ची अचानक बेहोश हो गई। परिजनों का दावा है कि किसी जहरीले कीड़े के काटने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी। परिजन उसे तत्काल सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।

घर के दरवाजे पर खेल रही थी मासूम

मृत बच्ची की पहचान मानवी उर्फ तृषा, उम्र करीब पांच साल, के रूप में हुई है। वह सिसवा नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 स्थित खेसरारी टोला के मंछा छापर निवासी मनोहर की बेटी थी। परिजनों के मुताबिक सोमवार शाम मानवी घर के दरवाजे के पास खेल रही थी। इसी दौरान अचानक किसी जहरीले जीव या कीड़े के काटने की बात सामने आई। इसके बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी और वह अचेत हो गई।

महराजगंज में डीएम का बड़ा एक्शन, जल जीवन मिशन में देरी पर एक्सईएन प्रदीप कनौजिया को नोटिस; दो ब्लॉक के BDO भी निशाने पर

जिला अस्पताल ले जाते समय मौत

परिजन बच्ची को लेकर जिला अस्पताल के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत और बिगड़ गई। कुछ ही देर बाद बच्ची ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद आक्रोशित परिजन बच्ची का शव लेकर दोबारा सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक अस्पताल परिसर में स्थिति तनावपूर्ण रही।

पुलिस ने पहुंचकर संभाली स्थिति

CHC पर हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्ची की मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।

कागजों में विकास, मौके पर बदहाली? महराजगंज की ग्राम पंचायत में जांच के दौरान मिले चौंकाने वाले हालात

मां ने दिखाई मेंढक की फोटो

सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र पटेल के मुताबिक बच्ची की मां वसुंधरा अपने मोबाइल फोन में एक मेंढक की तस्वीर लेकर अस्पताल आई थीं। उनका दावा था कि बच्ची को इसी ने काटा है। चिकित्साधिकारी के अनुसार, इसी जानकारी के आधार पर बच्ची को प्राथमिक उपचार दिया गया और उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह

प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा के अनुसार, बच्ची की मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक फिलहाल मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Location :  Maharajganj

Published :  21 September 2026, 8:27 PM IST

Related News

Advertisement