हिंदी
प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय (image: dynamite news)
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ के पट्टी कोतवाली परिसर में युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने पट्टी कोतवाल आनंद पाल सिंह और मामले के विवेचक ओमकार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसपी ने प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की है। इसके साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। घटना की निष्पक्ष जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच की संस्तुति भी की गई है।
जानकारी के मुताबिक, पट्टी तहसील मुख्यालय स्थित कोतवाली में सोमवार को प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए युवक अर्जुन प्रसाद को लाया गया था। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने कोतवाली परिसर में बने शौचालय के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
थाना परिसर जैसी सुरक्षित जगह पर युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने के बाद पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। एसपी दीपक भूकर ने मामले को गंभीर मानते हुए शुरुआती जांच कराई। जांच में पुलिसकर्मियों की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही सामने आने के बाद पट्टी कोतवाल और विवेचक के खिलाफ कार्रवाई की गई।
एसपी दीपक भूकर ने साफ किया है कि पुलिसिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की विभागीय जांच के साथ मजिस्ट्रियल जांच भी कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
Location : Pratapgarh
Published : 21 September 2026, 8:01 PM IST