

सोनभद्र में हाउस अरेस्ट से नाराज कांग्रेस नेताओं ने रॉबर्ट्सगंज में प्रदर्शन किया। पुलिस से हुई झड़प के बाद उन्हें दोबारा नजरबंद कर दिया गया। पूरे शहर में तनावपूर्ण माहौल, कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
नाराज कांग्रेस नेताओं ने रॉबर्ट्सगंज में किया प्रदर्शन
Sonbhadra: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर कांग्रेस नेताओं पर किए गए हाउस अरेस्ट का विरोध अब सड़कों पर नजर आने लगा है। आज शुक्रवार सुबह रॉबर्ट्सगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी झड़प भी हुई। मामला तब गरमा गया जब कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गोंड के नेतृत्व में नेता वाराणसी रवाना होने के लिए घर से निकल रहे थे।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के स्वर्ण जयंती चौक स्थित कांग्रेस नेता जगदीश मिश्रा के आवास पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और नारेबाजी देखी गई। पुलिस ने सभी नेताओं को दोबारा घरों में नजरबंद कर दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता 'वोट चोर गद्दी छोड़' और 'जब-जब मोदी डरता है, पुलिस को आगे करता है' जैसे नारे लगाते नजर आए।
#सोनभद्र में हाउस अरेस्ट से नाराज कांग्रेस नेताओं ने रॉबर्ट्सगंज में प्रदर्शन किया। पुलिस से हुई झड़प के बाद उन्हें दोबारा नजरबंद कर दिया गया। #UPPolitics #SonbhadraProtest #CongressProtest pic.twitter.com/6VcsvpAQHB
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) September 11, 2025
पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश देखते ही बन रहा था। आवासों के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरा रॉबर्ट्सगंज नगर, विशेषकर स्वर्ण जयंती चौक क्षेत्र, छावनी में तब्दील कर दिया गया है। जिला प्रशासन कांग्रेस के तेवरों को देखकर पूरी तरह सतर्क हो गया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जताने का उनका अधिकार छीना जा रहा है। जिलाध्यक्ष रामराज गोंड ने कहा, 'मोदी और योगी सरकारें विपक्ष की आवाज से डर रही हैं। हम केवल वाराणसी जाकर अपना विरोध जताना चाहते थे, लेकिन हमें घरों में कैद कर दिया गया। यह लोकतंत्र की हत्या है।'
पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि वे डरने वाले नहीं हैं और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने इस दमनकारी रवैये को नहीं छोड़ा तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
पीएम मोदी के वाराणसी दौरे से पहले मुगलसराय में कांग्रेस नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट; जानिए क्यों?
जगदीश मिश्रा, जिनके आवास पर यह झड़प हुई, ने कहा, 'पुलिस की मौजूदगी हमारे लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का प्रतीक बन गई है। हम शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने जा रहे थे, लेकिन सरकार ने हमें डराने के लिए बल प्रयोग किया।'
इस पूरी घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश है, और माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन ने शहर के प्रमुख चौराहों और कांग्रेस नेताओं के आवासों पर पुलिस की भारी तैनाती कर दी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एलान किया है कि यदि नजरबंदी हटाई नहीं गई तो जिले भर में उग्र प्रदर्शन होंगे। सोनभद्र में कांग्रेस के रौद्र रूप को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।