हिंदी
गोरखपुर मंडल के मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों और राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने पुराने लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण, राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा अभिलेखों को अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा का महराजगंज कलेक्ट्रेट का निरीक्षण
Maharajganj: गोरखपुर मंडल के मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने आज कलेक्ट्रेट परिसर महराजगंज का औचक निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों एवं न्यायालयों की कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों की स्थिति, लंबित मामलों और जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने सर्वप्रथम अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) न्यायालय का निरीक्षण किया और लंबित वादों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने सबसे पुराने लंबित प्रकरण को देखते हुए निर्देश दिया कि सभी राजस्व न्यायालयों में प्राथमिकता के आधार पर पुराने मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को समयबद्ध न्याय मिल सके।
इसके बाद उन्होंने सीआरए कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा की। 10 बड़े बकायेदारों की सूची का अवलोकन करते हुए वसूली की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त किया और प्रभावी कार्रवाई कर राजस्व वसूली तेज करने के निर्देश दिए। ऑडिट एवं जीपीएफ से संबंधित पत्रावलियों के अद्यतन न होने पर नाराजगी जताते हुए 15 दिनों के भीतर सभी रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए गए।
मंडलायुक्त ने नजारत, संयुक्त कार्यालय एवं राजस्व अभिलेखागार का भी निरीक्षण किया। संयुक्त कार्यालय में आईजीआरएस के तहत शिकायतों के निस्तारण में लगभग 90 प्रतिशत संतुष्टि फीडबैक पर प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं अभिलेखागार में खतौनी एवं अन्य राजस्व दस्तावेजों की समीक्षा करते हुए सभी दाखिल दफ्तरों में अनिवार्य रूप से खतौनी लगाने, रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित रखने तथा साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल, डिप्टी कलेक्टर विजय यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।