हिंदी
गुढेश्वर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ (फोटो: डाइनामाइट न्यूज़)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के चांदपुर क्षेत्र में गुढेश्वर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक बाइक पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
Fatehpur: नाम बदलकर कई राज्यों में छिपा रहा बदमाश, बस इस एक गलती से पहुंच गया सलाखों के पीछे…
मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। घायल आरोपी की पहचान धर्मेंद्र पुत्र विशालू के रूप में हुई है।
घटना के दौरान दूसरा आरोपी गोलू मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जिले के अलावा अन्य जनपदों में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर चोरी, अवैध हथियार रखने और अन्य अपराधों से जुड़े मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक चोरी की बाइक, नकदी, 315 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ और बरामद सामान से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
Location : Fatehpur
Published : 8 July 2026, 1:08 PM IST
Topics : Chandpur Encounter News Illegal Weapon Recovery Police Action Police Encounter stolen bike recovered