हिंदी
Kasganj News (Source: Google)
Kasganj: कासगंज के पटियाली कस्बे में शुक्रवार को दिनदहाड़े उस समय सनसनी फैल गई, जब गंजडुंडवारा मार्ग पर जिलानी गेस्ट हाउस के पास स्थित एक फौजी के घर में तीन हथियारबंद बदमाश घुस गए। बदमाशों ने घर में मौजूद राहुल यादव, उनकी पत्नी पिंकी यादव और मासूम बेटे आर्यन को बंधक बनाने की कोशिश की।
बदमाशों के हाथ में तमंचा था, लेकिन पिंकी यादव ने हिम्मत नहीं हारी। पति राहुल पर हमला होते ही वह ऊपर की मंजिल से नीचे आईं और बदमाशों से भिड़ गईं। उन्होंने एक बदमाश का नकाब खींचकर उसका चेहरा देखने की कोशिश की और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।
पिंकी के साहस और शोर मचाने से बदमाश घबरा गए। वे छत की ओर भागे और ऊपर जाने वाले रास्ते के किवाड़ बंद कर दिए। इसी बीच मौका पाकर पिंकी अपने घायल पति राहुल और बेटे आर्यन को लेकर घर से बाहर निकल आईं। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग और पशु चराने वाले ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
पिंकी ने बताया कि बदमाशों ने उनके पति राहुल यादव को तमंचे की बट से मारा था, जिससे वह कुछ देर के लिए बेहोश हो गए। राहुल की चीख सुनकर ही पिंकी नीचे पहुंचीं। उस समय उनका बेटा सो रहा था, लेकिन पिता की आवाज सुनकर वह भी जाग गया।
घर में बदमाशों के बंद होने की सूचना मिलते ही पटियाली पुलिस मौके पर पहुंची। देखते ही देखते आसपास के थानों का पुलिस बल भी बुला लिया गया। एसपी ओपी सिंह के निर्देश पर मकान की घेराबंदी कर दी गई और करीब 100 मीटर के क्षेत्र को पुलिस ने पूरी तरह सील कर दिया।
घेराबंदी के दौरान एक बदमाश तीन मंजिला मकान से नीचे कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा। इसके बाद बाकी दो बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन वे मकान के अंदर ही छिपे रहे।
मकान ऊंचा होने और आसपास कोई दूसरा भवन न होने के कारण पुलिस को अंदर की स्थिति समझने में परेशानी हो रही थी। देर शाम करीब 7:15 बजे पुलिस ने ट्रैफिक रोककर सीढ़ी की मदद से छत के रास्ते घर में प्रवेश किया। इसी दौरान बदमाशों ने एक के बाद एक फायरिंग की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Mainpuri: साहब, मेरी बेटी को फिर छीन ले गए दबंग… लाचार मां की चीख से कांपा SP दफ्तर
फायरिंग के बाद पुलिस और सतर्क हो गई। पुलिस टीम घर के अंदर घुसी और करीब 15 मिनट की कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से तमंचे बरामद किए। तीनों बदमाशों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया।
बदमाशों के घर में घुसने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से लोग मौके पर जुटने लगे। पुलिस ने गंजडुंडवारा-पटियाली मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया। फायरिंग की आवाज सुनते ही भीड़ पीछे हट गई। करीब तीन घंटे तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।
पूरे घटनाक्रम में पिंकी यादव की हिम्मत सबसे ज्यादा चर्चा में रही। हथियारबंद बदमाशों के सामने निहत्थे डटकर उन्होंने न सिर्फ अपने परिवार को बचाया, बल्कि बदमाशों की पूरी साजिश भी नाकाम कर दी। ग्रामीणों ने पिंकी की बहादुरी की जमकर सराहना की।
Location : Kasganj
Published : 4 July 2026, 4:51 PM IST