Chandauli: सपा महिला जिलाध्यक्ष ने लगाए सनसनीखेज आरोप, पूर्व प्रधान ने पलटा खेल, सच क्या है?

चंदौली में समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल और पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव के बीच गंभीर विवाद सामने आया है। दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं और मुगलसराय कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 29 July 2026, 3:21 PM IST
google-preferred

Chandauli: चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल और बहादुरपुर के पूर्व प्रधान एवं सपा कार्यकर्ता वीरेंद्र यादव के बीच विवाद ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। दोनों पक्षों ने मुगलसराय कोतवाली में अलग-अलग तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

गार्गी सिंह पटेल ने लगाए हत्या के प्रयास 

गार्गी सिंह पटेल का आरोप है कि मंगलवार शाम करीब सात बजे वीरेंद्र यादव उनके आवास पर पहुंचे। उनका कहना है कि पहले हुई मारपीट की घटना को लेकर वीरेंद्र यादव लोगों के बीच भ्रामक बातें फैला रहे थे। इसी मुद्दे पर बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि वीरेंद्र यादव ने उनका गला दबाकर हत्या का प्रयास किया और उनके साथ छेड़छाड़ भी की। उन्होंने बताया कि शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

पूर्व प्रधान ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

वहीं, पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्हें जानकारी मिली थी कि उन पर गार्गी सिंह पटेल पर हुए पुराने हमले के आरोपियों से जेल में मुलाकात करने का आरोप लगाया जा रहा है। इसी विषय में अपना पक्ष रखने के लिए वह उनके घर गए थे। उनके मुताबिक बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और जिस व्यक्ति ने यह बात बताई थी, उसकी पिटाई शुरू हो गई। उसे बचाने के दौरान उन्हें भी चोटें आईं। उन्होंने खुद को पीड़ित बताते हुए सभी आरोपों को निराधार करार दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में दोनों पक्षों ने मुगलसराय कोतवाली में लिखित शिकायत दी है। थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर प्राप्त हो चुकी है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और जांच में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ऑडी ने बढ़ाई हलचल! ग्लोबल मार्केट में उतरी दमदार Audi Q9, भारत में भी जल्द मचा सकती है धूम, जानिए क्या होगी कीमत?

पहले भी हो चुका है विवाद

गौरतलब है कि करीब दो माह पहले भी गार्गी सिंह पटेल के घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया था। उस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब सामने आए नए विवाद ने जिले की राजनीति को फिर गर्मा दिया है। हालांकि, मौजूदा मामले में पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Chandauli

Published :  29 July 2026, 3:21 PM IST

Related News

Advertisement