हिंदी
चंदौली में अपराधियों पर बड़ी चोट!
Chandauli: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर थाना पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लूट और फायरिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, नकदी, अवैध हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त की रात अलीनगर थाना क्षेत्र में एसएस हॉस्पिटल के पास बदमाशों ने फायरिंग कर एक व्यक्ति से सोने की चेन लूट ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार दुबे, अमन गिरी, कमलेश मिश्रा और विनोद सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने जब आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने गिरोह से जुड़े कई मामलों का खुलासा किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सैयदराजा से लेकर राजातालाब तक हाईवे क्षेत्र में लूट की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की चेन, 4,420 रुपये नकद, तीन अवैध तमंचे, छह जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पीड़ित को मौके पर बुलाकर बरामद सोने की चेन की शत-प्रतिशत पहचान कराई गई। साथ ही पीड़ित ने दो आरोपियों की भी पहचान की।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी विनोद सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अलीनगर थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई से गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनकी पुरानी वारदातों की जानकारी जुटाने में लगी है।
Location : Chandauli
Published : 29 August 2026, 2:05 AM IST