हिंदी
ससुराल की प्रताड़ना से युवक की मौत का आरोप(Img: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सहसवान क्षेत्र में करीब साढ़े तीन महीने पहले जंगल में पेड़ से फंदे पर मिले युवक की मौत के मामले में अब न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक के पिता ने अपने बेटे की मौत के लिए उसकी ससुराल पक्ष के तीन लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
संभल जिले के जुनावई थाना क्षेत्र के धनीपुर गांव निवासी सुम्मेरी पुत्र टोडी ने प्राथमिकी में बताया कि उनके बेटे राजेश की शादी सहसवान क्षेत्र के नयागांव निवासी जगदीश की बेटी सीमा से हुई थी। आरोप के मुताबिक, राजेश और उसकी पत्नी के बीच करीब एक साल से विवाद चल रहा था। इस मामले में राजेश की पत्नी की ओर से उसके खिलाफ पहले मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।
बदायूं में पुलिस और 25 हजार के इनामी गौकश के बीच मुठभेड़, बदमाश और दरोगा दोनों घायल
परिजनों के अनुसार, बाद में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। इसके बाद 3 जून को राजेश अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए उसके मायके पहुंचा था। मृतक के पिता का आरोप है कि इसी दौरान ससुराल वालों ने राजेश के साथ मारपीट और कथित तौर पर प्रताड़ना की। आरोप यह भी है कि उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया।
पिता का कहना है कि ससुराल में हुए कथित व्यवहार से परेशान होकर राजेश वहां से निकलकर गांव के पास जंगल में चला गया। बाद में उसने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया था। हालांकि, मौत की परिस्थितियों और लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
अब न्यायालय के आदेश के बाद मृतक के पिता की शिकायत पर राजेश की पत्नी सीमा, ससुर जगदीश और सास कमलेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। तीनों पर मृतक को कथित रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
सहसवान कोतवाल नरेश कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 24 September 2026, 3:15 PM IST