हिंदी
बदायूं में आधी रात पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़(Source: Dynamite News)
Budaun: बदायूं जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। मुखबिर की सटीक सूचना पर जब पुलिस टीम छोटे सरकार के पीछे जंगल वाले इलाके में घेराबंदी करने पहुंची, तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में सिपाही पुष्पेंद्र चौधरी के हाथ में गोली लग गई, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें शातिर बदमाश विकारुद्दीन उर्फ पप्पू निवासी नई सराय के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी का दूसरा साथी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। घायल सिपाही और बदमाश को तत्काल बदायूं जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, सिपाही की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, जबकि बदमाश का उपचार जारी है।
27 अप्रैल की लूट का खुलासा
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया बदमाश विकारुद्दीन और उसका फरार साथी 27 अप्रैल को बाईपास रोड पर हुई लूट की वारदात में शामिल थे। पुलिस लंबे समय से इन वांछितों की तलाश में जुटी हुई थी। फिलहाल, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पूरे इलाके में कॉम्बिंग और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
Location : Budaun
Published : 1 May 2026, 5:52 AM IST