हिंदी
डीजे पर गाना बजवाने को लेकर मारपीट (Img: Dyanamite News)
Budaun: बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र के बिरियाडांडी गांव में सोमवार को कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे पर गाना बजवाने की बात को लेकर कांवड़ियों और गांव के लोगों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया और मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार बिरियाडांडी गांव से होकर कांवड़ियों का एक जत्था गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने डीजे पर अपनी पसंद का गाना बजवाने की मांग की। आरोप है कि इस बात को लेकर साउंड ऑपरेटर और एक ग्रामीण के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक साउंड ऑपरेटर से मारपीट होते देख उसके साथ आए अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी कांवड़ियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसके बाद गुस्साए कांवड़ियों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों को जमकर पीटा। हंगामे की सूचना मिलते ही दातागंज थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया। कांवड़ियों ने एक मुख्य आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- बदायूं में भीषण सड़क हादसा: एंबुलेंस-टेंपो की जोरदार टक्कर में 2 की मौत, 2 गंभीर; चीख-पुकार से गूंजा इलाका
स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने पहले गांव में शांति व्यवस्था कायम की, इसके बाद कांवड़ियों को समझा-बुझाकर आगे रवाना किया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गांव में शांति है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
कांवड़ यात्रा के दौरान इस तरह की घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान शांति बनाए रखें और किसी भी भड़काऊ बात से बचें।
Location : Budaun
Published : 18 August 2026, 1:58 PM IST
Topics : Budaun News DJ Dispute Kanwar Yatra