‘पत्नी को भेजो वरना…’ ससुराल पहुंचे दामाद का हैवानियत भरा रूप, ससुर लहूलुहान होकर गिरा

बदायूं के जरीफनगर में पत्नी को साथ ले जाने के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दामाद ने ससुर को गोली मार दी, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। आखिर विवाद इतना क्यों बढ़ा? पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 3 August 2026, 3:59 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र में पत्नी को वापस लाने के विवाद में एक युवक ने अपने ही ससुर को गोली मार दी। घायल को पहले दहगवां सीएचसी ले जाया गया, हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन परिजन उसे उपचार के लिए अलीगढ़ ले गए। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

12 साल पहले हुई थी बेटी की शादी

थाना जरीफनगर क्षेत्र के ग्राम रदनौल अजीजपुर निवासी राजाराम (62) पुत्र यादराम ने करीब 12 वर्ष पूर्व अपनी बेटी पूजा का विवाह चंद्रभान पुत्र वनवारी निवासी ग्राम कमालपुर थाना केलादेवी जनपद सम्भल से किया था।

Budaun: बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य की फॉर्च्यूनर कार हादसे का शिकार, MLA समेत 3 गंभीर घायल

पीड़ित की पत्नी कलावती ने बताया कि दो माह पहले दामाद चंद्रभान ने पूजा को घर से निकाल दिया था। इसके बाद राजाराम अपनी बेटी को अपने साथ मायके ले आए थे। तब से पूजा मायके में ही रह रही थी।

पत्नी को ले जाने को लेकर हुआ विवाद

सोमवार सुबह करीब 7 बजे चंद्रभान ससुराल पहुंचा। बताया जा रहा है कि पत्नी को साथ ले जाने को लेकर ससुर राजाराम से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि चंद्रभान ने तमंचे से राजाराम पर फायर कर दिया। गोली राजाराम की आंख के नीचे लगी और वह मौके पर ही गिर पड़े। गोली चलाने के बाद आरोपी तुरंत फरार हो गया।

गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर

घटना से घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने तुरंत राजाराम को उपचार के लिए दहगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाने के बजाय परिजन राजाराम को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ ले गए हैं।

Budaun: बच्चों की किताबें खरीदने निकला था पिता, बाजार पहुंचते ही हो गई अचानक मौत

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही थाना जरीफनगर पुलिस दहगवां सीएचसी पहुंची। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी चंद्रभान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।

Location :  Budaun

Published :  3 August 2026, 3:59 PM IST

Advertisement